कैलाश भोला पठार पर महाशिवरात्रि की धूम: 25 नवदंपत्तियों ने किया मंत्र जाप, पूर्णाहुति व महाप्रसादी में उमड़ा जनसैलाब



बालोद। पर्यटक स्थल भोलापठार पर्रेगुड़ा में 15-16 फरवरी को महाशिवरात्रि का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। छत्तीसगढ़ के कैलाश कहे जाने वाले भोला पठार प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों में से एक है, जो समतल भूमि से लगभग 500 मीटर की ऊंचाई पर घने जंगलों, बेलों और लताओं से आच्छादित वन प्रांतर में स्थित है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर यह स्थल पर्यटकों और श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार त्रेतायुग में बाबा भोलेनाथ माता सती के साथ कुछ समय के लिए यहां रुककर ध्यान अवस्था में लीन हुए थे। इसी कारण यह स्थान तपस्या और साधना का प्रमुख केंद्र माना जाता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि का पर्व भव्य रूप से मनाया गया, जहां नवदंपत्तियों ने रात से लेकर दोपहर 12 बजे तक “ॐ नमः शिवाय” मंत्र का जाप कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर 25 नवदंपत्तियों ने संतान प्राप्ति की कामना से अनुष्ठान किया, वहीं 30 शिक्षित बेरोजगार एवं रोगग्रस्त लोगों ने रोजगार और स्वास्थ्य लाभ के लिए मंत्र जाप किया।

16 फरवरी सोमवार को दोपहर 12 बजे पूर्णाहुति, महाआरती और महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन में मंदिर प्रसादी ईश्वर साहू (जनता इलेक्ट्रॉनिक) करहीभदर एवं टुमन लाल यादव द्वारा प्रदान की गई। कार्यक्रम का सफल आयोजन भोला पठार विकास समिति के अध्यक्ष रामजी ठाकुर (राष्ट्रपति पुरस्कृत), सचिव पुरुषोत्तम निषाद, सहसचिव भुवन लाल उइके, कोषाध्यक्ष महेंद्र तारम, सुखचंद नागवंशी, घुरदास नागवंशी, कृष्णा मण्डावी, रामसाय पोरते, दिलीप कौशिक सहित समस्त ग्रामवासी पर्रेगुड़ा के सहयोग से सम्पन्न हुआ।

भोला पठार समिति के मीडिया प्रभारी सूरज कौशिक ने बताया कि महाशिवरात्रि पर आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना दिया और श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ से अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page