अर्जुन के चाहने वालों का उमड़ा हुजूम, शोक सभा में श्रद्धांजलि देने सीएम भी पहुंचे गुरुर



बालोद- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष अर्जुन हिरवानी के निधन पर जिले के तहसील मुख्यालय गुरूर पहुॅचकर उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने स्व. श्री हिरवानी के शोक संतप्त परिवारजनों से भेंट कर संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस दौरान लोक निर्माण, गृह, जेल, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व, पर्यटन मंत्री श्री ताम्रध्वज साहू, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंडिया और संजारी-बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व विधायक भैय्याराम सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक और कलेक्टर जनमेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक सदानंद कुमार, एस.डी.एम. श्रीमती रश्मि वर्मा आदि मौजूद थे।मुख्यमंत्री बघेल ने शोक सभा में उद्बोधन देते हुए भावुक हो गए और उन्होनें कहा कि-पिता का साया उठ जाना ये वही समझ सकता है जिनके सिर से पिता का साया उठ जाता है। साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष रहे अर्जुन हिरवानी ने इंजीनियर के रूप में सेवाएं दी, इसके साथ ही राजनीति सहित धार्मिक व सामाजिक क्षेत्र में सक्रियता रही है। लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी अध्यक्ष के कार्यकाल के बीच इस तरह की दुखद घटना हुई। बता दें कि लंबे समय तक रायपुर के एक अस्पताल में इलाज के बाद साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन हिरवानी का निधन हो गया. जिनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को गुरुर में हुआ. करीब दो साल पहले वे प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे. छग जनता जोगी कांग्रेस से भी वे विधान सभा चुनाव के दौरान प्रत्याशी रहे. राजनीती के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी उनकी अच्छी पकड़ थी. श्री हिरवानी बालोद जिला साहू समाज के दो बार अध्यक्ष सहित अन्य पदों में भी रह चुके थे. सरकारी नौकरी छोड़ने के बाद वे समाज सेवा के क्षेत्र में आ गए थे इसलिए उन्हें समाज ने काफी सम्मान भी दिया। गायत्री संस्था में भी वे समाज बालोद जिले के सह समन्वय थे । गुरूर में इसी संस्था के प्रमुख ट्रस्टी भी थे। वे 10 साल से बस्तर में नक्सल प्रभावित ऐसे बच्चों को भी पाल रहें थे. जिनके माता.पिता की हमले में मौत हो गई है। श्री हिरवानी के निधन से गुरुर सहित पुरे जिले व साहू समाज में शोक का माहौल है. सीएम के आगमन के साथ साहू समाज से भी प्रदेश भर से लोग शोक सभा में पहुंचे थे. मंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक संगीता सिन्हा सहित तमाम समाज के लोगों ने कहा अर्जुन हिरवानी का जाना समाज के लिए एक बड़ी क्षति है। जिसे पूरा कर पाना समाज के लिए संभव नही होगा। वे साहू समाज के नगीना थे जिन्होंने समाज को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने में अपना अमूल्य योगदान दिया है। अर्जुन हिरवानी मूलतः बालोद जिले के गुरुर के रहने वाले थे। वे शासकीय सेवा में भी रहे। इसके बाद वे समाज सेवा से जुड़े और समाज के उत्थान के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी दो बेटियां है। रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान प्रदेश के कई बड़े नेता उनसे मिलने पहुंचे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू भी उनका कुशलक्षेम जानने अस्पताल पहुंचे थे। अर्जुन हिरवानी एक सरल सहज और मिलनसार स्वभाव के व्यक्तित्व के धनी थे। अपनी बात को सहजता से प्रस्तुत करना और फिर उसे लोगो से मनवा लेना उनकी बड़ी उपलब्धि थी। उन्होंने धर्मांतरण रोकने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए कई कदम उठाए, जिनका असर भी समाज को देखने मे मिल रहा है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चन्द्रप्रभा सुधाकर सहित अन्य कांग्रेसी भी मौजूद रहे।

जिले की ये खबरें भी पढ़ें

You cannot copy content of this page