
मुसलाधार बारिश के बीच महिला कांग्रेस ने जयस्तंभ चौक पर किया विरोध, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और सांसद कंगना रनौत का पुतला फूंका
बालोद। सांसद कंगना रनौत की कथित टिप्पणी को लेकर बालोद में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मुसलाधार बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एवं सांसद कंगना रनौत का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सांसद कंगना रनौत द्वारा की गई कथित टिप्पणी से जनभावनाएं आहत हुई हैं और यह लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने हैं, छात्रों के हितों की अनदेखी की जा रही है तथा छात्र आंदोलनों पर दमनात्मक कार्रवाई किए जाने का आरोप भी लगाया गया।

इस अवसर पर विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से छात्रों से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्णय लेने तथा जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी नाराजगी व्यक्त की। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस अवसर पर दीप्ति शर्मा, श्रीमती धनेश्वरी सिन्हा, श्रीमती शारदा सिन्हा, पूनम साहू, गायत्री साहू, आफिया खान, हर्ष साहू, चमेली साहू, तुलेश्वरी निषाद, लक्ष्मी साहू, स्यामा साहू, अमृता नेताम, रीता सोनी, हेमा, सरोज साहू, रमादेवी, रीना देशमुख एवं सुचित्रा साहू सहित महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।












