बालोद/गुरूर। शासकीय प्राथमिक शाला भेजा जंगली में गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान शाला के विद्यार्थियों ने माता भारती एवं गुरुजनों का विधिवत पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में गुरु के प्रति सम्मान एवं श्रद्धा की भावना देखने को मिली।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यार्थियों रोहण कुमार एवं दक्ष कुमार ने अपने शिक्षकों को नारियल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए शाला के सहायक शिक्षक सिन्धू राम साहू ने विद्यार्थियों को गुरु भक्त आरुणि की प्रेरणादायी कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार आरुणि ने अपने गुरु के आदेश का पालन करने के लिए अनेक कष्टों को सहन किया और संसार के समक्ष आदर्श गुरु भक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया।
सहायक शिक्षक ने कहा कि गुरु हमारे जीवन में ज्ञान का प्रकाश फैलाकर हमें सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। गुरु के मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने जीवन में संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को आत्मसात कर एक बेहतर नागरिक बन सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में शाला के प्रधान पाठक षड प्रकाश किरण कटेन्द्र ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर पेन भेंट किए तथा उन्हें गुरुजनों का सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पेमन सेन, दिनेश विश्वकर्मा एवं शकुन्तला गंगवंशी सहित शाला के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन विद्यार्थियों में गुरु-शिष्य परंपरा, संस्कार एवं नैतिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से किया गया।











