ओबीसी समाज के हितों, संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजना पर होगा मंथन
बालोद/सिकोसा। ओबीसी महासभा जिला बालोद की जिला स्तरीय आम बैठक रविवार 9 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। बैठक में ओबीसी वर्ग के हितों, संगठन की मजबूती, समाज की प्रगति एवं विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर गहन चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा। बैठक के दौरान आगामी कार्ययोजना को लेकर आवश्यक सुझाव प्राप्त करने के साथ महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए जाएंगे।
ओबीसी महासभा जिला बालोद के जिला अध्यक्ष यज्ञ देव पटेल ने बताया कि बैठक का पहला आयोजन सुबह 10:30 बजे सामुदायिक भवन सिकोसा में होगा, जो सिकोसा से अर्जुंदा मार्ग पर स्थित है। इसके बाद शाम 6 बजे छत्तीसगढ़ समन्वय समिति भवन, दल्लीराजहरा में बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में ओबीसी वर्ग के विभिन्न समाजों का संगठन आवश्यक क्यों है, इस विषय पर परिचर्चा की जाएगी। इसके अलावा ओबीसी वर्ग के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक मांगों, ओबीसी वर्ग की प्रगति एवं विकास में बाधक तत्वों तथा समाज के हित में आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक सुझाव एवं निर्णय लिए जाने के साथ ही संगठन में विभिन्न पदों पर नियुक्त किए गए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्रों का वितरण भी किया जाएगा।
ओबीसी महासभा जिला बालोद ने ओबीसी समाज के समस्त बंधुजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर समाज के हित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार एवं सुझाव देने की अपील की है। संगठन की ओर से कहा गया है कि समाज की एकजुटता और मजबूत संगठन के लिए प्रत्येक सदस्य की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।








