
पीड़ित किसानों के साथ खड़ी हुईं संजारी-बालोद विधायक, निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग
बालोद। धान खरीदी के नाम पर किसानों के साथ कथित धोखाधड़ी और भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत को लेकर संजारी-बालोद विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा थाना सनौद पहुंचीं। उन्होंने पीड़ित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और थाना प्रभारी से पूरे मामले को लेकर चर्चा की।
विधायक संगीता सिन्हा ने किसानों द्वारा प्रस्तुत लिखित शिकायत एवं एफआईआर आवेदन के संबंध में थाना प्रभारी से जानकारी लेते हुए कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई हड़पने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की।
पीड़ित किसानों ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि मई 2026 में आरोपी द्वारा उनसे धान खरीदी की गई थी और 4-5 दिनों के भीतर भुगतान करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी उन्हें उनकी उपज की राशि का भुगतान नहीं किया गया है। भुगतान नहीं होने के कारण किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है और उसकी उपज का भुगतान रोकना उसके साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रही है और किसी भी किसान के साथ अन्याय एवं धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने पीड़ित किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव स्तर पर प्रयास किया जाएगा। साथ ही पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान बड़ी संख्या में पीड़ित किसान एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











