DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

लौहनगरी में अवैध शराब कारोबारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर आमरण अनशन

मजदूर नेता संजय सिंह का आरोप—अवैध शराब कारोबारियों को पुलिस एवं आबकारी विभाग का संरक्षण, दिखावे की नहीं सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की मांग

दल्ली राजहरा। नगर के विभिन्न वार्डों में कथित रूप से लंबे समय से खुलेआम चल रहे अवैध शराब कारोबार के विरोध में मजदूर नेता संजय सिंह ने आमरण अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर की लगभग हर गली-मोहल्ले में अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है, जिससे अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है।

संजय सिंह ने कहा कि अवैध शराब की आसानी से उपलब्धता के कारण युवाओं में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे के कारण युवा अपराध की ओर बढ़ रहे हैं तथा परिवारों में कलह, चोरी, छीनतई सहित अन्य आपराधिक घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है।

उन्होंने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के संबंध में राजहरा पुलिस एवं आबकारी विभाग को कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबार पर रोक नहीं लग पा रही है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि कार्रवाई के अभाव में ऐसा प्रतीत होता है कि अवैध शराब कारोबारियों को पुलिस एवं आबकारी विभाग का संरक्षण प्राप्त है।

मजदूर नेता संजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि उनकी मांग केवल दिखावटी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त, निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आमरण अनशन जारी रहेगा।

You cannot copy content of this page