DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कारगिल विजय दिवस पर लौहनगरी में भारत माता की भव्य आरतीकारगिल युद्ध के अमर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

दल्लीराजहरा। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार, 26 जुलाई को सर्व समाज समरसता समिति द्वारा जैन भवन चौक में भारत माता की भव्य आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, युवाओं एवं मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में शामिल होकर राष्ट्रभक्ति एवं देशप्रेम का परिचय दिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भारतीय सेना के पूर्व सैनिक राजकुमार साहू ने कारगिल युद्ध में देश की रक्षा के लिए अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय भारत के स्वाभिमान, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ देशसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

इसके पश्चात उपस्थित नागरिकों ने सामूहिक रूप से भारत माता की आरती की और कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान सभी ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद अमर रहें” के जयघोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करना, युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना तथा समाज में समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश देना था। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page