वार्ड क्रमांक 05 की पुसई साहू और वार्ड क्रमांक 13 की अनीता सोनवानी ने थामा भाजपा का दामन
भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों और विकासवादी सोच से प्रभावित होकर लिया निर्णय
दल्लीराजहरा। नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी मजबूती मिली है। भाजपा की रीति-नीति, विकासवादी सोच तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व से प्रभावित होकर कांग्रेस की दो निर्वाचित पार्षदों ने शनिवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। जिला महामंत्री सौरभ लुनिया एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 05 की पार्षद पुसई साहू एवं वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद अनीता सोनवानी ने कांग्रेस का साथ छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया।
इस अवसर पर भाजपा जिला प्रभारी संध्या परघनिया, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, निवर्तमान जिला अध्यक्ष पवन साहू, जिला महामंत्री सौरभ लुनिया एवं राकेश यादव, मंडल प्रभारी मनीष झा तथा महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री शीतल नायक सहित अन्य भाजपा नेताओं ने दोनों पार्षदों का भाजपा का गमछा पहनाकर एवं पुष्पहार से स्वागत किया और उन्हें नई राजनीतिक जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
जनसेवा से जुड़ेंगे, विकास को मिलेगी गति
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों, पारदर्शी शासन एवं विकास कार्यों से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से दल्ली राजहरा में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा जनसेवा एवं विकास कार्यों को नई गति प्राप्त होगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू ने कहा कि भाजपा राष्ट्रहित, जनसेवा और विकास की विचारधारा पर कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुसई साहू और अनीता सोनवानी भाजपा की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने के साथ ही नगर के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
दोनों पार्षदों के भाजपा में शामिल होने से दल्ली राजहरा की स्थानीय राजनीति में भाजपा की स्थिति मजबूत होने की चर्चा है। कार्यक्रम में भाजपा के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











