ग्रामीणों को स्वच्छता, मच्छरदानी के उपयोग और सुरक्षित पेयजल के प्रति किया जागरूक
डौण्डीलोहारा,नेमन साहू, रेंगाडबरी। रेंगाडबरी स्थित पूर्व माध्यमिक शाला के छात्र-छात्राओं ने मलेरिया रोकथाम एवं दस्त नियंत्रण अभियान के तहत जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया। रैली का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना था।
रैली के दौरान स्कूली बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर “पानी उबालकर पिएं”, “आसपास गंदगी न होने दें” और “मच्छरदानी का उपयोग करें” जैसे नारे लगाए। बच्चों ने ग्रामीणों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और बरसात के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती खेमेश्वरी टंडन, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक श्रीमती जगीता, मितानिन खेमीनबाई, नेमीन बाई साहू, निर्मला बाई भासगौरी, पार्वती नेताम, दुरप बाई एवं जानकी बाई सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के लिए मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घर एवं आसपास पानी जमा न होने देने, पेयजल को ढककर रखने तथा सप्ताह में एक दिन ‘सूखा दिवस’ मनाने की जानकारी दी। उन्होंने बरसात के मौसम में स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को अपनाकर मलेरिया और दस्त जैसी बीमारियों से बचाव करने का संदेश दिया।











