बालोद। जिला सरपंच संघ बालोद की विशेष बैठक 25 जुलाई 2026 को आयोजित की गई, जिसमें जिले की ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आगामी 29 जुलाई को जिला पंचायत सभा कक्ष में कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ की उपस्थिति में जिले के समस्त सरपंचों की होने वाली बैठक को लेकर भी चर्चा की गई। जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष क्रांति भूषण साहू ने जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों, संरक्षकों एवं सरपंचों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपनी समस्याओं और मांगों को मजबूती से रखने का आह्वान किया है।
क्रांति भूषण साहू ने बताया कि जिला सरपंच संघ की मांग पर कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ द्वारा 29 जुलाई को शाम 4 बजे जिला पंचायत सभा कक्ष में जिले के सभी सरपंचों की बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब सरपंचों की मांग पर जिला स्तर पर कलेक्टर द्वारा सरपंचों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं मांगों पर चर्चा की जा रही है। ऐसे में जिले के सभी 436 सरपंचों की जिम्मेदारी है कि वे बैठक में उपस्थित होकर अपनी एकता और जागरूकता का परिचय दें।
बैठक में सरपंच संघ द्वारा स्थानांतरण सूची पर कार्रवाई, वैकल्पिक रोजगार सहायकों के स्थान पर स्थायी रोजगार सहायकों की नियुक्ति, मनरेगा के पूर्ण कार्यों की मजदूरी एवं सामग्री की राशि का शीघ्र भुगतान सहित विभिन्न मुद्दों को जिला प्रशासन के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। संघ ने मांग की है कि मनरेगा की लंबित राशि का भुगतान 15 अगस्त से पहले किया जाए, अन्यथा जिला सरपंच संघ द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इसके अलावा ग्राम पंचायतों में सचिवों की कमी दूर करने, 15वें वित्त आयोग के निर्माण कार्यों से संबंधित लंबित फाइलों का तत्काल मूल्यांकन, पात्र दिव्यांग एवं गरीब विधवा हितग्राहियों को पेंशन, पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने तथा गुण्डरदेही विकासखंड के ग्राम भाठागांव बी स्थित जर्जर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला भवन के लिए नवीन भवन की स्वीकृति की मांग भी बैठक में रखी जाएगी।
सरपंच संघ ने ग्राम पंचायतों में लगे मोबाइल टावरों का लंबित किराया ग्राम पंचायतों को दिलाने की मांग भी जिला प्रशासन के समक्ष रखने का निर्णय लिया है। वहीं सरपंचों के विरुद्ध प्रस्तुत किए जाने वाले अविश्वास प्रस्तावों की निष्पक्ष जांच, ग्राम पंचायतों में सचिवों की नियुक्ति तथा अन्य स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की जाएगी।
जिला सरपंच संघ के अध्यक्ष क्रांति भूषण साहू ने सभी सरपंच साथियों से अपील करते हुए कहा कि 29 जुलाई की बैठक ग्राम पंचायतों और ग्रामीण जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को जिला प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का अवसर है। उन्होंने सभी 436 सरपंचों से बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर सरपंचों की एकता एवं जागरूकता का परिचय देने का आग्रह किया है।











