अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालोद और दल्लीराजहरा सहित विभिन्न स्टेशनों पर 89 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर निर्मित
रायपुर, 27 जुलाई 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के उद्देश्य से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में यात्रियों को धूप, बारिश एवं अन्य प्रतिकूल मौसम से राहत देने के लिए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण एवं विस्तार किया जा रहा है।
रायपुर रेल मंडल में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अब तक कुल 89 नए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण किया गया है। इनमें बालोद स्टेशन पर 4 और दल्लीराजहरा स्टेशन पर 4 प्लेटफॉर्म शेल्टर सहित भिलाई नगर में 11, भिलाई पावर हाउस में 17, सरोना में 7, निपनिया में 6, हथबंद में 6, बिल्हा में 4, मरौदा में 2, मंदिर हसौद में 12, भाटापारा में 8 तथा तिल्दा-नेवरा स्टेशन पर 8 नए प्लेटफॉर्म शेल्टर शामिल हैं।

इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल नहीं होने वाले स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं के विस्तार का कार्य जारी है। देवबलोदा-चरौदा स्टेशन पर 3 प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण किया गया है। वहीं भैंसबोड़, सलाईटोला, रिसामा, गुंडरदेही, लाटाबोर, लखौली एवं राजिम स्टेशनों पर नए प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
रेल मंडल द्वारा यात्रियों की संख्या और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म शेल्टरों का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। इससे ट्रेन की प्रतीक्षा करने वाले यात्रियों को धूप और बारिश से राहत मिलने के साथ ही प्लेटफॉर्म पर अधिक सुरक्षित एवं आरामदायक वातावरण उपलब्ध होगा।
रायपुर रेल मंडल यात्रियों की आवश्यकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मंडल द्वारा भविष्य में भी यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विकासात्मक एवं जनहितकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।












