देवरीबंगला। दो दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण केवट नवागांव के मिडिल स्कूल परिसर और केवट नवागांव से फरदफोड़ मार्ग पर पानी भर जाने से छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा हो गया है। विद्यार्थियों को स्कूल भवन में आने-जाने के साथ ही शौचालय तक पहुंचने में भी परेशानी हो रही है। मध्यान्ह भोजन के बाद बच्चों को पानी से होकर बर्तन धोने के लिए जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार केवट नवागांव से झिटिया तक सड़क मार्ग की स्थिति भी अत्यंत जर्जर हो चुकी है। इस मार्ग से क्षेत्र के गोडमर्रा, झिटिया, फरदफोड़, किसना, रानीतराई, सिंगारपुर, बीजाभाठा सहित आठ से अधिक गांवों के ग्रामीणों का आवागमन होता है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से आवागमन और भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा इस मार्ग के निर्माण की घोषणा भी की गई थी, लेकिन अब तक सड़क निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है।
इसी तरह ग्राम झिटिया के पास नाले पर बनी पुलिया भी जर्जर स्थिति में है। पुलिया की खराब स्थिति के कारण चारपहिया वाहनों एवं बसों के आवागमन में भी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में सड़क और पुलिया की स्थिति और अधिक खराब हो जाने से ग्रामीणों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्कूल परिसर में जल निकासी की व्यवस्था एवं सड़क-पुलिया की समस्या से जनप्रतिनिधियों और ग्राम पंचायत को अवगत कराया जा चुका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से स्कूल परिसर में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने के साथ ही जर्जर सड़क एवं पुलिया का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।












