DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण से हाईटेक होगी बालोद पुलिस,NAFIS तकनीक से अब एक क्लिक में मिलेगी अपराधियों की पहचान संबंधी जानकारी

बालोद, 27 जुलाई 2026। पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं डीएसपी श्री राजेश बागड़े के नेतृत्व में पुलिस कार्यालय बालोद के सभागार में एक दिवसीय फिंगरप्रिंट प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट श्री धर्मेंद्र कुमार भारती ने जिले के विभिन्न थानों से पहुंचे अधिकारी-कर्मचारियों एवं कोर्ट मोहर्रिरों को फिंगरप्रिंट संग्रहण एवं जांच की आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया।

प्रशिक्षण के दौरान गिरफ्तार व्यक्तियों, संदेहियों एवं निगरानी बदमाशों के दोनों हाथों के फिंगरप्रिंट लेने की वैज्ञानिक विधि, घटनास्थल से फिंगरप्रिंट साक्ष्य को सुरक्षित रखने एवं एकत्रित करने के आधुनिक तरीकों तथा अज्ञात मृतकों के चर्म-पोर सुरक्षित रखने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इसके साथ ही NAFIS (National Automatic Fingerprint Identification System) के माध्यम से ऑनलाइन फिंगरप्रिंट मिलान की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कार्यशाला में बताया गया कि पहले फिंगरप्रिंट का संग्रहण एवं मिलान मैनुअल तरीके से किया जाता था, जिसमें अधिक समय लगता था। अब NAFIS प्रणाली के माध्यम से फिंगरप्रिंट का ऑनलाइन संग्रहण एवं त्वरित मिलान संभव हो सकेगा, जिससे संदिग्ध एवं आरोपियों की पहचान करने में पुलिस को तेजी मिलेगी और अपराधों की जांच अधिक प्रभावी एवं वैज्ञानिक तरीके से की जा सकेगी।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पूछे गए सवालों का विशेषज्ञ द्वारा समाधान किया गया। साथ ही क्राइम सीन से फिंगरप्रिंट साक्ष्य को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित रखने के महत्वपूर्ण तरीकों की जानकारी दी गई। इससे पुलिस की विवेचना प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने में मदद मिलेगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएसपी श्री राजेश बागड़े सहित जिले के विभिन्न थानों एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page