DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रेल सुविधाओं के विस्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर भाजपा नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार से की विभिन्न मांगें

बालोद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, नई रेल लाइनों और ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग

एनएच-930 के जर्जर नाली कवरों की मरम्मत तथा अंडा-झलमला-बालोद-पुरूर-धमतरी फोरलेन निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग

बालोद। जिले में रेलवे एवं सड़क सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं के निराकरण को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता मधुकांत यादव, जयराम निर्मलकर, जोगेंद्र योगी, श्री भंडारी एवं भुवन साहू ने केंद्र एवं राज्य सरकार से विभिन्न मांगें की हैं। भाजपा नेताओं ने कहा कि बालोद जिले में तेजी से बढ़ती यात्री एवं माल परिवहन की जरूरतों को देखते हुए रेलवे से जुड़ी लंबित परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर कार्य में गति लाने की आवश्यकता है।

भाजपा नेताओं ने बालोद रेलवे स्टेशन के समीप केंद्रीय विद्यालय, वाणिज्य कार्यालय, बृहद रेक पॉइंट, वॉशिंग यार्ड, स्वागत गेट, बाउंड्रीवाल, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, लिफ्ट एवं स्वचालित सीढ़ियों जैसी यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की है। उन्होंने कहा कि बालोद स्टेशन का 17 जुलाई 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया गया है, जिसके बाद अब स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

भाजपा नेताओं ने धमतरी से गुरुर-बालोद-राजनांदगांव, भानुप्रतापपुर से चंद्रपुर तथा धमतरी से कोंडागांव तक रेल लाइन बिछाने से संबंधित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की। साथ ही दुर्ग से जगदलपुर दोहरी रेल लाइन के निर्माण को भी आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे यात्रियों को विशाखापट्टनम, हैदराबाद एवं महाराष्ट्र की ओर आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा समय और दूरी के साथ यात्रा खर्च में भी बचत होगी।

उन्होंने कहा कि रावघाट क्षेत्र से कच्चा लोहा मालगाड़ियों के माध्यम से भिलाई इस्पात संयंत्र एवं रायपुर के उद्योगों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे रेलवे की आय में वृद्धि हुई है, लेकिन एकल रेल लाइन होने के कारण यात्री ट्रेनों के संचालन में दिक्कतें आ रही हैं। आदिवासी बाहुल्य रावघाट, भानुप्रतापपुर, दल्ली राजहरा एवं बालोद क्षेत्र में यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है। इसलिए उन्होंने रावघाट से रायपुर के बीच तीन यात्री ट्रेनें चलाने, यात्री ट्रेनों में डिब्बों की संख्या बढ़ाकर 15 करने तथा दो अतिरिक्त एसी कोच लगाने की मांग की है।

भाजपा नेताओं ने दुर्ग से प्रारंभ होने वाली अंबिकापुर, पुरी, साउथ बिहार, जम्मू तवी, जम्मू तवी संपर्क क्रांति एवं सारनाथ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों को भानुप्रतापपुर से चलाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि रावघाट क्षेत्र से कच्चे लोहे का सड़क मार्ग से परिवहन होने के कारण प्रतिदिन मवेशियों एवं लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती हैं। ऐसे में पावर राज-बाघमारा-बालोद क्षेत्र में ओवरब्रिज निर्माण को भी तत्काल स्वीकृति देने की आवश्यकता है, ताकि नागरिकों और विद्यार्थियों को रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

उन्होंने बताया कि रावघाट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन 15 अगस्त 2026 को संभावित है तथा रावघाट से लगभग 120 किलोमीटर रेल पटरी बिछाने का कार्य प्रारंभ होने की जानकारी है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि जुलाई-अगस्त में होने वाले संसद सत्र के दौरान दुर्ग से जगदलपुर दोहरी रेल लाइन की स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।

एनएच-930 के जर्जर नाली कवरों को लेकर भी उठाई आवाज

भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर नालियों के ऊपर लगाए गए सीमेंट के ढक्कनों की जर्जर स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नाली के कवर टूट चुके हैं, जिससे मवेशियों, पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों एवं अन्य वाहनों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाचार पत्रों में लगातार खबरें प्रकाशित होने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा इस समस्या पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस संबंध में नागरिकों द्वारा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को भी जानकारी भेजी गई है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि एनएच-930 पर जर्जर एवं टूटे हुए नाली कवरों को तत्काल बदला जाए तथा सड़क निर्माण से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

भाजपा नेताओं ने यह भी बताया कि अंडा से झलमला-बालोद-पुरूर होते हुए धमतरी तक फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति केंद्र सरकार द्वारा दी जा चुकी है तथा सितंबर से निर्माण कार्य प्रारंभ होने की संभावना है। वर्तमान में सर्वे का कार्य चल रहा है। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से मांग की है कि प्रस्तावित फोरलेन निर्माण में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कराया जाए।

भाजपा नेताओं मधुकांत यादव, जयराम निर्मलकर, जोगेंद्र योगी, श्री भंडारी एवं भुवन साहू ने केंद्र एवं राज्य सरकार से जनसुविधा और क्षेत्र के विकास को ध्यान में रखते हुए रेलवे तथा सड़क से संबंधित सभी महत्वपूर्ण मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

You cannot copy content of this page