दल्लीराजहरा। धोबेदंड के आश्रित ग्राम दर्राटोला को शासन द्वारा राजस्व ग्राम घोषित किए जाने के बावजूद विभागीय अभिलेखों एवं ऑनलाइन पोर्टल पर अब तक राजस्व ग्राम के रूप में दर्ज नहीं किए जाने से ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों में लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग को लेकर ग्रामवासियों ने भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद सदस्य संजय बैस के नेतृत्व में मंगलवार को तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार श्री देवेंद्र नेताम को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व शासन द्वारा दर्राटोला को राजस्व ग्राम का प्रमाण-पत्र जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कंप्यूटर रिकॉर्ड एवं विभागीय ऑनलाइन पोर्टल में गांव का नाम अब तक राजस्व ग्राम के रूप में अपडेट नहीं किया गया है। इसके कारण नामांतरण, सीमांकन, जाति, निवास एवं आय प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न राजस्व और शासकीय कार्यों में ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने अपनी समस्या से भाजपा नेता संजय बैस को अवगत कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए श्री बैस ग्रामीणों के साथ तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार श्री देवेंद्र नेताम से चर्चा कर ऑनलाइन रिकॉर्ड में शीघ्र सुधार कराने तथा शासन के आदेश का तत्काल पालन सुनिश्चित करने की मांग की।
इस अवसर पर संजय बैस ने कहा कि शासन द्वारा किसी गांव को राजस्व ग्राम का दर्जा दिए जाने के बाद भी यदि विभागीय अभिलेखों और ऑनलाइन रिकॉर्ड में उसका नाम दर्ज नहीं है, तो इससे ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि दर्राटोला के प्रत्येक ग्रामीण को शासन की योजनाओं और राजस्व सुविधाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर ग्रामीणों को राहत दिलाने की मांग की।
तहसीलदार श्री देवेंद्र नेताम ने ग्रामीणों से प्राप्त ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए मामले का शीघ्र परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा ऑनलाइन रिकॉर्ड में संशोधन कराने का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बलवंत साहू, रवि नेताम (अध्यक्ष, जनकल्याण समिति), जोहन भंडारी, देवप्रसाद भंडारी, पूरण करपाल, अंजोरी भंडारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।









