DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

30 जुलाई को बालोद में एक साथ रोपे जाएंगे लाखों पौधे, महतारी वंदन योजना की 2.45 लाख हितग्राही भी लेंगी भागीदारी

‘एक पेड़ महतारी (मां)’ के नाम अभियान को लेकर जिलेभर में उत्साह, सुबह 11 बजे घर-आंगन से लेकर खेत-खलिहान तक होगा पौधरोपण

बालोद, 28 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में बालोद जिले के इतिहास में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। गुरुवार 30 जुलाई को जिलेभर में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान आयोजित किया जाएगा। इस अभियान में जिला प्रशासन के साथ-साथ महतारी वंदन योजना की 2 लाख 45 हजार हितग्राही महिलाएं, विद्यार्थी, ग्रामीण, महिलाएं और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक एक साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। अभियान के तहत सुबह 11 बजे ‘एक पेड़ महतारी (मां)’ के नाम से घरों, बाड़ियों, खेत-खलिहानों सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधे रोपे जाएंगे।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय तथा उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा की मंशानुरूप जल शक्ति अभियान ‘कैच द रैन’ के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस महाअभियान को लेकर जिलेभर में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक अमले के साथ-साथ महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं और आम नागरिक भी पूरे उत्साह के साथ जुट गए हैं।

ग्राम पंचायतों में पहुंचाए जा रहे पौधे, घर-घर तैयारी शुरू

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार वन एवं संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा ग्राम पंचायत मुख्यालयों में पर्याप्त संख्या में पौधों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से भी ग्राम पंचायत मुख्यालयों से पौधे प्राप्त कर आंगनबाड़ी केंद्रों के जरिए पौधरोपण में भाग लेने वाले लोगों को पौधे वितरित किए जा रहे हैं। जिले के नागरिकों ने 30 जुलाई को पौधरोपण के लिए अपने घरों, बाड़ियों और खेत-खलिहानों में गड्ढे खोदने का कार्य भी शुरू कर दिया है।

पर्यावरण संरक्षण में पौधरोपण के महत्व को लेकर महिलाओं एवं ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में डौण्डी विकासखंड के चिखलाकसा परियोजना अंतर्गत ग्राम पथराटोला सहित अन्य गांवों में महिलाओं ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को 30 जुलाई को पौधरोपण महाअभियान में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।

वनमंडलाधिकारी ने की जिलेवासियों से पौधरोपण की अपील

वनमंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि जल शक्ति अभियान ‘कैच द रैन’ के अंतर्गत बालोद जिला प्रशासन द्वारा जल संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। अब पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाते हुए 30 जुलाई को महतारी वंदन वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने जिले के सभी महतारी वंदन योजना हितग्राहियों, महिलाओं एवं नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, बाड़ी, खेत-खलिहान, शासकीय भूमि, आंगनबाड़ी, पंचायत भवन सहित अन्य उपयुक्त स्थानों पर ‘एक पेड़ अपनी मां के नाम’ या अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के नाम पर जरूर लगाएं और उसकी सुरक्षा एवं देखभाल का संकल्प लें। उन्होंने पौधरोपण के बाद फोटो सेल्फी लिंक पर अपलोड कर फोटोयुक्त प्रमाण पत्र प्राप्त करने की अपील भी की।

महिलाओं और विद्यार्थियों में दिख रहा खासा उत्साह

डौण्डी विकासखंड के ग्राम धोबेदण्ड की महतारी वंदन योजना की हितग्राही श्रीमती सरिता ठाकुर ने जिला प्रशासन के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि वे मिले पौधे को अपने घर की बाड़ी में लगाएंगी और उसकी देखभाल अपने बच्चे की तरह करेंगी। वहीं ग्राम धोबा की श्रीमती मंजू साहू ने भी पौधे को पूरी जिम्मेदारी के साथ बड़ा करने का संकल्प लिया।

ग्राम धोबा की विद्यार्थी कुमारी रोशनी साहू ने कहा कि वे 30 जुलाई को अपनी मां के नाम पर पौधरोपण कर उसकी पूरी देखभाल करेंगी। इसी तरह ग्राम ढोर्रीठेमा की नन्हीं बालिका संस्कृति कोसमा ने भी अभियान में भागीदारी करते हुए अपनी मां के नाम पर पौधा लगाने की बात कही।

जिले में आयोजित होने वाले इस वृहद वृक्षारोपण अभियान को लेकर महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आम नागरिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से 30 जुलाई को सुबह 11 बजे अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाने की अपील की है।

You cannot copy content of this page