DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बच्चों की सुरक्षा को लेकर पीएमश्री स्कूल गुंडरदेही में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को बताए अधिकार और सुरक्षा के उपाय

पॉक्सो एक्ट से लेकर साइबर क्राइम और गुड टच-बैड टच तक दी गई जानकारी, संकट की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से मदद लेने की अपील

बालोद, 28 जुलाई 2026। बच्चों को उनके अधिकारों एवं सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी देने तथा किसी भी प्रकार के शोषण और संकट की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएमश्री शासकीय स्वामी आत्मानंद हिंदी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुंडरदेही में जिला बाल संरक्षण इकाई एवं चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा संयुक्त रूप से जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा के आदेश तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू के नेतृत्व में 25 जुलाई 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो अधिनियम 2012, किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गुड टच-बैड टच, साइबर क्राइम तथा बाल अधिकारों के संबंध में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न अथवा संकट की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित सहायता तंत्र से संपर्क करना चाहिए।

इस अवसर पर बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराधों से बचाव, इंटरनेट एवं डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग तथा व्यक्तिगत जानकारी को सुरक्षित रखने के संबंध में भी आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री कोल्हारे, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक श्री वेद प्रकाश साहू, केस वर्कर श्री कैलाश निषाद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक जानकारी एवं सहायता तंत्र से परिचित कराना रहा।

You cannot copy content of this page