कैंसर मरीजों के लिए विग बनाने वाली संस्था को भेजे अपने बाल, जागरूकता के साथ मानवता की मिसाल पेश करने का दिया संदेश
बालोद। कैंसर पीड़ितों के लिए जागरूकता अभियान चलाने वाली एनुका शार्वां से प्रेरित होकर उनके परिवार की दो छात्राओं खुशी साहू और मौली साहू ने अपने बालों का दान कर मानवता और संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की है। दोनों छात्राओं ने अपने बाल कैंसर पीड़ितों के लिए विग बनाने वाली संस्था हेयर क्राउन, तमिलनाडु को दान किए हैं। संस्था द्वारा कोरियर के माध्यम से प्राप्त बालों से जरूरतमंद कैंसर पीड़ितों के लिए विग तैयार कर उन्हें दान किया जाता है।
खुशी साहू और मौली साहू ने बताया कि एनुका शार्वां उनकी मौसी हैं और उनके सामाजिक कार्यों एवं कैंसर जागरूकता अभियान से वे लंबे समय से प्रेरित रही हैं। उन्होंने कहा कि मौसी के कार्यों को देखकर उनके मन में भी समाज के लिए कुछ अच्छा करने की इच्छा थी। इसी भावना से उन्होंने कैंसर पीड़ितों की मदद के लिए अपने बाल दान करने का निर्णय लिया। दोनों छात्राओं ने कहा कि केशदान करने के बाद उन्हें बेहद खुशी महसूस हो रही है और वे लोगों से भी अपील करती हैं कि कैंसर के प्रति समाज में व्याप्त भय को जागरूकता के माध्यम से दूर करने के प्रयासों में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि पहले कैंसर जैसे विषय पर बात करने में भी डर लगता था, लेकिन एनुका शार्वां के लगातार जागरूकता प्रयासों से उनके मन का डर दूर हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जब अधिकांश लोगों को अपने व्यस्त जीवन से समय निकालना मुश्किल होता है, वहीं एनुका शार्वां समय निकालकर लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही हैं। विशेष रूप से महिलाएं उनसे मिलकर कैंसर से संबंधित जानकारी, सलाह और मार्गदर्शन प्राप्त करती हैं। बताया गया कि अब तक वे करीब 50 से 52 महिलाओं की काउंसलिंग कर चुकी हैं।
एनुका शार्वां जिला रेडक्रॉस प्रबंधन समिति की सक्रिय सदस्य हैं और विद्यालय एवं महाविद्यालय की छात्राओं के बीच समय-समय पर कैंसर जागरूकता अभियान संचालित करती हैं। उनके द्वारा मोहल्ला बैठक, साइकिल रैली, मितानिनों के साथ जागरूकता गतिविधियों सहित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक किया जा रहा है। कैंसर पीड़ितों के लिए केशदान अभियान भी इसी जागरूकता और सेवा कार्य का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। छत्तीसगढ़ रेडक्रॉस के सभापति श्री तोमन साहू द्वारा भी विद्यार्थियों की प्रारंभिक जांच का खर्च रेडक्रॉस के माध्यम से वहन किए जाने की बात कही गई है।
वर्तमान में खुशी साहू एम. फार्मा की छात्रा हैं और श्री शंकराचार्य कॉलेज, भिलाई में अध्ययनरत हैं। गत वर्ष उनकी माता श्रीमती तिलेश साहू द्वारा भी केशदान किया गया था। उनके पिता श्री कुलेश्वर साहू चिकित्सक हैं, जबकि दादा श्री सियाराम साहू सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। वहीं मौली साहू कक्षा 12वीं की छात्रा हैं। उनकी माता श्रीमती आशा साहू और पिता श्री उपांशु साहू हैं।
बताया गया कि एनुका शार्वां के मार्गदर्शन और प्रेरणा से अब तक कई लोगों ने कैंसर पीड़ितों के लिए अपने बाल दान किए हैं। खुशी साहू और मौली साहू का यह केशदान न केवल कैंसर पीड़ितों के प्रति संवेदना का प्रतीक है, बल्कि समाज में जागरूकता, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करने वाला प्रेरणादायी कदम भी है।












