DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

खुरसुनी चौक का जर्जर अटल स्मारक दे रहा हादसे को न्योता, जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी

अण्डा। गुण्डरदेही विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खुरसुनी में मुख्य मार्ग के बीच स्थित अटल स्मारक चौक इन दिनों जर्जर हालत में पहुंच गया है। स्मारक का निचला हिस्सा कई स्थानों से टूटकर बिखर रहा है और ईंटें व मलबा सड़क पर फैलने से राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

मौके की स्थिति को देखकर स्पष्ट है कि स्मारक का आधार कमजोर हो चुका है। सड़क के बीच स्थित होने के कारण यहां से दिनभर बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में स्मारक के जर्जर हिस्से का अचानक गिरना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। रात के समय और बारिश के दौरान खतरा और भी बढ़ जाता है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कई दिनों से स्मारक की स्थिति खराब है, लेकिन अब तक संबंधित विभाग और प्रशासन की ओर से इसकी मरम्मत या सुरक्षा के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जर्जर स्मारक की तत्काल मरम्मत कराई जाए और सड़क पर बिखरे मलबे को हटाकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जाए।

यह क्षेत्र गुण्डरदेही विधानसभा के विधायक कुंवर सिंह निषाद के अंतर्गत आता है। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले रोका जा सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन और संबंधित विभाग जर्जर अटल स्मारक की सुध लेकर समय रहते मरम्मत कराते हैं या फिर किसी दुर्घटना के बाद ही कार्रवाई शुरू होगी।

You cannot copy content of this page