DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बालोद में कोचिंग संस्थानों से मांगी गई रुचि की अभिव्यक्ति

सीजीपीएससी, व्यापमं, एसएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए जिला प्रशासन की पहल, 11 अगस्त तक ऑनलाइन निविदा जमा करने का मौका

बालोद, 28 जुलाई 2026। जिले के युवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को बेहतर एवं परिणामोन्मुखी कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन बालोद द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसके तहत छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी), छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं), एसएससी तथा अन्य समकक्ष भर्ती बोर्डों द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्यर्थियों को अध्यापन सह कोचिंग उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।

आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि इस उद्देश्य से राज्य में संचालित प्रतिष्ठित एवं योग्य कोचिंग संस्थानों से ‘रुचि की अभिव्यक्ति’ (Expression of Interest) आमंत्रित की गई है। इच्छुक संस्थाएं निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के माध्यम से अपनी निविदा प्रस्तुत कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि ई-निविदा की प्रारंभ तिथि 10 जुलाई 2026 निर्धारित की गई थी, जबकि ऑनलाइन निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 11 अगस्त 2026 है। इसके बाद ऑनलाइन जमा किए गए निविदा प्रपत्र की कीमत एवं अमानत राशि की छायाप्रति तथा सत्यनिष्ठा की मूल प्रति स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट अथवा कूरियर के माध्यम से कार्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित है।

निविदा खोलने की तिथि 18 अगस्त 2026 तथा प्री-बिड बैठक की तिथि 4 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक कोचिंग संस्थान निविदा से संबंधित विस्तृत जानकारी, नियम एवं शर्तों तथा आवश्यक दस्तावेजों का अवलोकन ऑनलाइन ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल एवं सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास, बालोद के कार्यालय से कर सकते हैं।

जिला प्रशासन की इस पहल से जिले के प्रतियोगी परीक्षार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुखी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय युवाओं को विभिन्न शासकीय सेवाओं में चयन के लिए बेहतर तैयारी का अवसर मिल सकेगा।

You cannot copy content of this page