अण्डा। राज्य शासन एवं केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित कबीर आश्रम में वृक्षारोपण कार्यक्रम एवं किचन शेड निर्माण के लिए भूमि पूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत गुंडरदेही के अध्यक्ष पुरुषोत्तम लाल चंद्राकर ने कहा कि जिस प्रकार व्यक्तित्व के विकास के लिए ज्ञान आवश्यक है, उसी प्रकार आने वाले समय में जीवन के लिए ऑक्सीजन सबसे बड़ी आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति स्वप्रेरणा से एक-एक पौधा लगाए और उसका संरक्षण करे, तो न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरा भारत हरा-भरा और पर्यावरण की दृष्टि से समृद्ध बन सकता है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष कुलदीप साहू की अनुशंसा पर जनपद पंचायत सभापति गुलशन साहू ने कबीर आश्रम के मुख्य द्वार निर्माण के लिए ₹1 लाख तथा जिला पंचायत बालोद की सभापति श्रीमती कांति सोनेश्वरी ने आश्रम की बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए ₹2 लाख की घोषणा की।
इस अवसर पर समाजसेवी नीलम दास साहू, ग्राम पंचायत परसदा की सरपंच सत्यवती साहू, दुष्यंत हिरवानी, बंशीलाल साहू, केवल सिंह साहू, पूर्व सरपंच यशवंत साहू, उपसरपंच हिलेश्वर साहू, राहुल शर्मा, देवकुमार साहू, अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधरोपण अभियान को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में कबीर आश्रम के महंत श्री पंचमदास साहेब ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की अपील करते हुए सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।










