प्रगति स्कूल के पास शराब बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी, ₹1,940 की शराब और बिक्री रकम जब्त
डौंडीलोहारा/बालोद। अवैध शराब, जुआ एवं सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे मिशन नवचेतना अभियान के तहत डौंडीलोहारा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 पौवा देशी प्लेन सुपर 36 शराब सहित शराब बिक्री की नकदी रकम बरामद कर जब्त की है। मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री बोनी फॉस एक्का के मार्गदर्शन में की गई। 27 जुलाई 2026 को डौंडीलोहारा थाना पुलिस टीम शासकीय वाहन से टाउन एवं ग्रामीण क्षेत्र में जुर्म-जायरा एवं संदिग्ध गतिविधियों की तलाश के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान धान मंडी डौंडीलोहारा के पास पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रगति स्कूल डौंडीलोहारा के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां आरोपी धनराज कुमार नेताम, पिता धन सिंह नेताम, उम्र 24 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 11, अंबेडकर वार्ड, डौंडीलोहारा को कथित रूप से अवैध शराब बिक्री करते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में रखे 18 नग देशी प्लेन सुपर 36 के पौवा, प्रत्येक में 180 एमएल शराब भरी हुई, आबकारी विभाग की सील सहित बरामद किए। जब्त शराब की कुल मात्रा 3.240 लीटर तथा कीमत ₹1,440 बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री की रकम के रूप में ₹100-₹100 के पांच नोट, कुल ₹500 भी बरामद किए गए। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल ₹1,940 मूल्य की शराब एवं नकदी रकम जब्त की गई।
आरोपी का कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत अपराध पाए जाने पर थाना डौंडीलोहारा में अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील तिर्की, सहायक उप निरीक्षक अनित राम यादव, आरक्षक क्रमांक 250 कुमलाल वर्मा एवं आरक्षक क्रमांक 336 विनोद कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।











