DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जानलेवा हमले के 24 घंटे के भीतर पिता-पुत्र गिरफ्तार, घायल की मौत के बाद हत्या की धारा जुड़ने की तैयारी

देवरी थाना क्षेत्र के खैरा गांव का मामला, एम्स रायपुर में उपचार के दौरान हुई थी घायल हितेश सिन्हा की मौत

बालोद/देवरी। देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम खैरा में युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में देवरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक सूचना के आधार पर मामले में हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था। इसी बीच गंभीर रूप से घायल युवक हितेश सिन्हा की रायपुर एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई। अब पुलिस द्वारा रायपुर से पुलिस डायरी एवं संबंधित दस्तावेज प्राप्त होने के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़े जाने की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय के पर्यवेक्षण में थाना देवरी पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई की। प्रकरण में आरोपी हीरामन सिंह पिता बनवारी राम सिन्हा, उम्र 51 वर्ष एवं कामेंद्र सिन्हा पिता हीरामन सिंह, उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम खैरा, थाना देवरी, जिला बालोद को गिरफ्तार किया गया है।

बताया गया है कि दोनों आरोपियों द्वारा प्रार्थी पक्ष पर कथित रूप से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें हितेश सिन्हा पिता स्वर्गीय प्यारेलाल सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद देवरी पुलिस ने मामले की विवेचना करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की और दोनों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घायल की उपचार के दौरान मौत होने के बाद अब प्रकरण में हत्या की धारा जोड़े जाने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि रायपुर एम्स से संबंधित पुलिस डायरी एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आपसी रंजिश की आशंका, पुलिस कर रही मामले की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है, हालांकि हत्या के वास्तविक कारणों का अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा घटना से जुड़े साक्ष्यों एवं परिस्थितियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी एवं मामले की विवेचना में उप निरीक्षक मनीष शेन्डे, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद गजबिहे, खेमलाल ठाकुर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हेमलता बांधे, प्रधान आरक्षक प्रेमसागर, सुदर्शन कृपाल, आरक्षक सुरेश प्रीतम, संतोष खुटेल, दिलीप बर्मन, अजय राणा, सुनील उर्वशा, भूपतदास मानिकपुरी, हेमलाल साहू एवं महिला आरक्षक खुशबू सिंह की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई। वहीं, अब घायल हितेश सिन्हा की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़े जाने की कार्रवाई पर सभी की नजर है। पुलिस द्वारा विवेचना पूरी होने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का भी खुलासा किए जाने की संभावना है।

You cannot copy content of this page