महतारी वंदन योजना की 2.45 लाख हितग्राही महिलाएं सहित जनप्रतिनिधि, युवा, विद्यार्थी और आम नागरिक होंगे शामिल; पर्यावरण पार्क में भी पौधरोपण की व्यवस्था
बालोद, 29 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के दिशा-निर्देशन में गुरुवार 30 जुलाई 2026 को बालोद जिले में आयोजित होने जा रहे वृहद वृक्षारोपण महाअभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप जल शक्ति अभियान ‘कैच द रैन’ के तहत आयोजित इस महाअभियान में जिले के सभी वर्गों के नागरिकों के साथ महतारी वंदन योजना से लाभान्वित 2 लाख 45 हजार हितग्राही महिलाएं भी बड़े उत्साह के साथ भाग लेंगी।
जिला प्रशासन की अपील पर 30 जुलाई को सुबह 11 बजे जिलेभर में एक साथ बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, अधिकारी-कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिलाओं सहित समाज के सभी वर्गों के लोग शामिल होकर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। अभियान को लेकर जिले के नागरिकों, महिलाओं, युवाओं एवं विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, वन विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के ग्राम पंचायत मुख्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों सहित अन्य नागरिकों को पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। नागरिक अपने घरों, बाड़ियों, खेतों, शासकीय भूमि, पंचायत भवनों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर ‘एक पेड़ महतारी (मां) के नाम’ अथवा अपने बच्चों के सुरक्षित भविष्य के नाम पर पौधरोपण कर सकेंगे।
जिला मुख्यालय बालोद में जिन महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों एवं अन्य नागरिकों के घरों में पौधरोपण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है, उनके लिए पर्यावरण पार्क बालोद में पौधरोपण की व्यवस्था की गई है। ऐसे सभी इच्छुक नागरिक 30 जुलाई को पर्यावरण पार्क पहुंचकर सुबह 11 बजे पौधरोपण अभियान में शामिल हो सकते हैं।
पौधरोपण के बाद मिलेगा फोटोयुक्त प्रमाण पत्र
जिला प्रशासन द्वारा इस महाअभियान को यादगार बनाने के लिए पौधरोपण करने वाले नागरिकों को फोटोयुक्त प्रमाण पत्र प्रदान करने की भी व्यवस्था की गई है। पौधरोपण के बाद नागरिक अपने रोपे गए पौधे के साथ फोटो या सेल्फी लेकर wcdbalod.com पर अपलोड कर सकते हैं। फोटो अपलोड करने के बाद उन्हें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपने योगदान का डिजिटल फोटोयुक्त प्रमाण पत्र प्राप्त हो सकेगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक वृक्षारोपण महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें और पौधरोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा का भी संकल्प लें। प्रशासन का मानना है कि जिलेभर में एक साथ होने वाला यह व्यापक पौधरोपण अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण की एक प्रेरणादायक मिसाल बनेगा।












