बालोद। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे ‘समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय, जुंगेरा में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में भाजपा के बिलासपुर संभाग सह प्रभारी श्री अभिषेक शुक्ला ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।
श्री अभिषेक शुक्ला ने बताया कि 29 जुलाई 2026, गुरु पूर्णिमा से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027, माघ पूर्णिमा तक चलने वाला यह अभियान संत गुरु रविदास जी के समता, सेवा, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का राष्ट्रीय अभियान होगा। अभियान का शुभारंभ 29 जुलाई की संध्या देशभर के मंदिरों में ‘समरसता दीप महोत्सव’ के साथ किया जाएगा। बालोद जिले के लगभग 100 मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे तथा संत रविदास जी की 650वीं जयंती के प्रतीक स्वरूप मंदिरों में 650 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ‘कलश वंदन अभियान’ के तहत संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी से भरे कलश प्रदेश, जिला, मंडल एवं गांवों तक पहुंचाए जाएंगे। प्रदेश के प्रभारी वाराणसी से पवित्र कलश लेकर 4 अगस्त को रायपुर पहुंचेंगे, जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा विधिवत पूजन-अर्चना के बाद प्रदेश के सभी 35 जिलों के लिए कलश रवाना किए जाएंगे। बालोद जिले के सभी 17 मंडलों में 5 अगस्त से कलश यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा।
श्री शुक्ला ने कहा कि संत गुरु रविदास जी किसी एक समाज के नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान संत एवं समाज सुधारक थे। उनका ‘बेगमपुरा’ दर्शन ऐसे समाज की परिकल्पना करता है, जहां भेदभाव, अन्याय और पीड़ा के लिए कोई स्थान न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अवसर प्राप्त हो। इसी विचार को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभियान के दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां, जालंधर से संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी तक ‘समरसता यात्रा’ निकाली जाएगी। यह यात्रा विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी।
अभियान के अंतर्गत छात्रावासों एवं शिक्षण संस्थानों में संत रविदास जी के प्रेरक विचारों एवं चित्रों के साथ समरसता संवाद आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को निबंध, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से उनके जीवन-दर्शन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा संत-महात्माओं, महंतों, गुरुओं एवं विभिन्न डेरा प्रमुखों से संपर्क कर उन्हें अभियान की रूपरेखा से अवगत कराया जाएगा तथा सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
कलश यात्रा जिले के विभिन्न गांवों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए कलश दर्शन की व्यवस्था रहेगी। प्रतिदिन 3 से 4 गांवों में कलश यात्रा पहुंचेगी और जिस गांव में शाम को यात्रा पहुंचेगी, वहां स्थित मंदिर में कलश का रात्रि विश्राम होगा।
अभियान के दौरान जिले के प्रत्येक मंडल में विचार गोष्ठी, सामाजिक समरसता सम्मेलन, जन-जागरण रैली, प्रभात फेरी, स्वच्छता एवं पौधरोपण अभियान, वरिष्ठजनों का सम्मान, युवा एवं महिला सम्मेलन, विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं, सामाजिक सद्भाव विषयक परिचर्चाएं तथा सामूहिक समरसता शपथ सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल संत गुरु रविदास जी की जयंती मनाना नहीं, बल्कि उनके समरसता, समानता, सेवा और मानवता के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, जिला उपाध्यक्ष एवं अभियान के जिला संयोजक टिनेश्वर बघेल, जिला मंत्री सोमेश सोरी, जिला प्रवक्ता जितेंद्र साहू, मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया एवं जय मालेकर सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।











