DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कांग्रेस पार्षद दल ने नवनियुक्त एसपी किरण गंगाराम चव्हाण से की शिष्टाचार भेंट

शहर की कानून व्यवस्था, तेज रफ्तार भारी वाहनों और नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई को लेकर हुई चर्चा

बालोद। कांग्रेस पार्षद दल ने बुधवार को बालोद जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस दौरान पार्षद दल ने शहर की कानून व्यवस्था एवं आमजन की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर एसपी से विस्तारपूर्वक चर्चा की।

भेंट के दौरान कांग्रेस पार्षद दल ने विशेष रूप से रात के समय शहर से गुजरने वाले तेज रफ्तार भारी वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता बताई। पार्षदों ने कहा कि तेज गति से चलने वाले भारी वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, इसलिए ऐसे वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।

इसके अलावा पर्यावरण पार्क से झमला चौक तक आवश्यक एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण कराने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई, ताकि वाहनों की गति नियंत्रित हो सके और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

कांग्रेस पार्षद दल ने शहर में नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में सख्ती से कार्रवाई करने के साथ-साथ उनके अभिभावकों को भी जागरूक करने का आग्रह किया। पार्षदों ने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। ऐसे में पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस पार्षद दल ने उम्मीद जताई कि नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जिले में कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा शहरवासियों की समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस प्रशासन प्रभावी कदम उठाएगा।

इस अवसर पर नगर पालिका परिषद बालोद के नेता प्रतिपक्ष कसीमुद्दीन कुरैशी सहित पार्षदगण सुनील मालेकर, निर्देश पटेल, सुमित शर्मा, रीता सोनी एवं किरण साहू उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page