एक्शन मोड पर बालोद पुलिस, 54 पौवा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा रिमांड पर जेल
बालोद। ग्राम जगन्नाथपुर (मदिरापुर कथित नाम) में लगातार बिक रही अवैध शराब बिक्री के मामले में खबर प्रकाशन के बाद बालोद पुलिस एक्शन मोड पर आ चुकी है और यहां के नामी कोचियों की धरपकड़ शुरू हो चुकी है। गांव के अलावा उन पर बाहर जहां से वे शराब लाते हैं उनकी भी रेकी की जा रही है और इसके अंतर्गत गांव के दो नामी कोचियों को पकड़ने में सफलता भी हासिल हो गई है। ग्राम जगन्नाथपुर के रहने वाले विचित्र राज नागवंशी उर्फ बंटी पिता सुंदर सिंह नागवंशी (पूर्व सरपंच) व राजेश कुमार साहू पिता स्व पूना राम साहू को बालोद पुलिस ने बालोद के आमापारा नहर नाली के पास शनिवार को 54 पौवा देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया। साथ ही बाइक को भी जब्त किया। इस बड़ी कार्यवाही के साथ 34(2) आबकारी एक्ट का मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर जेल भेजा। तो वहीं इस गिरफ्तारी के बाद जगन्नाथपुर के अन्य कोचियों में भी हड़कंप की स्थिति है। जो पहले खुलेआम शराब बेच रहे थे अब दुबके बैठे हैं। तो वहीं लोगों ने भी राहत महसूस की है कि चलो कुछ कार्रवाई तो शुरू हुई। वहीं उम्मीद की जा रही है कि एक-एक कर अन्य कोचिये भी जल्द ही सलाखों के पीछे जाएंगे। पकड़े गए दोनोआरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बालोद से शराब लाकर उसे अतिरिक्त दाम पर बेचते हैं। इससे उनकी अच्छी खासी कमाई हो जाती है। कुल 54 पौवा देसी शराब बरामद की गई है। साथ ही बाइक की भी जब्ती बनाई गई है। मुख्य आरोपी विचित्र राज नागवंशी, राजेश साहू के साथ बालोद के देसी शराब दुकान से निर्धारित से अधिक मात्रा में शराब लेकर जगन्नाथपुर बिक्री के लिए ले जाने के लिए निकला था। तभी रास्ते में ही पुलिस ने पेट्रोलिंग के दौरान उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया। बता दें कि लगातार इस संबंध में खबर प्रकाशित किया जा रहा था। जिससे कोचियों के बीच खलबली मची हुई है। वहीं ग्रामीण भी लगातार इस संबंध में मांग कर रहे हैं कि शराब की अवैध बिक्री पूर्णता बंद हो। बड़े कोचियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य कोचिये भूमिगत होने लगे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि हालात यहां कब तक सुधरते हैं।
अकबर-बीरबल की जोड़ी बनी चर्चा में
तो वहीं जगन्नाथपुर में इन दिनों कथित अकबर-बीरबल की जोड़ी शराब की अवैध बिक्री को लेकर चर्चा में है। जानकारी के मुताबिक शराब बेचने वाले भी जोड़ी बनाकर शराब बेच रहे हैं। यानी एक कोई शराब बेचता है तो उनका साथी भी शराब बेचने वाला होता है। दोनों मिलकर एक-एक ठिकाने में शराब बेचते हैं और इस तरह अकबर-बीरबल की जोड़ी बनती जा रही है। गांव में ऐसे तीन से चार जोड़ी है जो मिलकर अलग-अलग शराब दुकान से शराब लाते हैं और गांव में अधिक रेट पर खपाते हैं। प्रमुख रूप से इन कोचियों के द्वारा बालोद के अलावा अर्जुंदा, सिकोसा तो कभी-कभी गुंडरदेही से भी शराब लाई जाती है ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके। पर अब पुलिस इस मामले में सख्त हो गई है और मुखबिरों का जाल बिछाकर एक-एक कर धरपकड़ कार्रवाई शुरू की जा रही है। विगत दिनों आबकारी विभाग ने भी यहां छापा मारकर शेखर नाम के एक आरोपी को पकड़ा था। तो वहीं अब बालोद पुलिस की टीम ने भी मुखबिर की सूचना पर लंबे समय से शराब बिक्री में संलिप्त विचित्रराज नागवंशी व राजेश साहू को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
मामले में बालोद के थाना प्रभारी मनीष शर्मा ने कहा कि आगे भी समय-समय पर जहां भी अवैध शराब बिक्री की शिकायत प्राप्त होती है उन गांव में कार्रवाई जारी रहेगी। जगन्नाथपुर हो चाहे कोई भी गांव में, अवैध शराब बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी लगातार इस पर नजर रखी जाएगी। तो वहीं जो भी वर्तमान में शराब बेच रहे हैं जिनकी शिकायत हमारे पास आई है उन पर नजर रखी जा रही है। मौका मिलते ही उन्हें भी दबोचा जाएगा।
लगातार हो इस तरह की कार्रवाई
सरपंच अरुण साहू ने कहा कि बालोद पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति मची है। जो बड़े शराब बेचने वाले थे उनके बीच दहशत देखा जा रहा है। तो एक बड़े आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य शराब बेचने वाले ऐसे ही दुबक गए हैं। पुलिस आगे अगर इसी तरह से कार्रवाई करती रहें तो गांव में पूरी तरह से अवैध शराब बिक्री रुक सकती है। पुलिस की कार्रवाई सराहनीय है। आगे भी इसी तरह कार्रवाई की उम्मीद करते हैं। इस बात की खुशी है कि पुलिस अब अलर्ट मोड पर आ चुकी है। वहीं शासन को जल्द जल्द से शराब बंदी की घोषणा पर भी अमल करनी चाहिए। वर्तमान शराब की स्टॉक सीमा 16 पौवा को भी कम करना चाहिए।
संबंधित खबर
ये खबरें भी हेडिंग पर क्लिक कर पढ़ें
