जमीन विवाद में फरसा से जानलेवा हमला! माँ-बेटे ने मिलकर किया वार, बालोद पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार

पैतृक जमीन के विवाद ने लिया खूनी रूप

बालोद जिले में पैतृक संपत्ति विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां जमीन के बंटवारे और बिक्री को लेकर हुए विवाद में माँ-बेटे ने मिलकर एक व्यक्ति पर फरसा से जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चंद घंटों के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त फरसा भी बरामद कर लिया।

साफ-सफाई के दौरान शुरू हुआ विवाद

प्रार्थिया रोशनी साहू (22 वर्ष) निवासी मरारपारा बालोद हाल धुरवाटोला राजहरा ने 17 फरवरी 2026 को थाना बालोद में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके पिता कार्तिकराम साहू अपने पैतृक खंडहर मकान की साफ-सफाई करने सुबह धुरवाटोला से बालोद आए थे।
दोपहर करीब 11:30 बजे फोन पर उन्होंने बताया कि घर की साफ-सफाई के दौरान भाई-भाभी से विवाद हो गया है और मारपीट में उनके सिर से खून निकल रहा है। पुलिस उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर जा रही है।

अस्पताल पहुंचकर बेटी ने देखा कि कार्तिकराम के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। पूछताछ में कार्तिकराम ने बताया कि श्रीराम साहू ने मछली काटने वाले लोहे के फरसा से उनके सिर पर दो-तीन वार किए हैं।

जमीन बेचने को लेकर बढ़ा विवाद

जांच के दौरान आरोपियों ने बताया कि पैतृक संपत्ति का बंटवारा हो चुका है, लेकिन जमीन के एक हिस्से को लेकर विवाद चल रहा था। कार्तिकराम साहू अपने हिस्से की जमीन बेचना चाहते थे, जबकि आरोपी पक्ष उसे अपने पास रखना चाहता था।
17 फरवरी को जब कार्तिकराम जमीन पर लगी सब्जी उखाड़ने लगे तो इसी बात पर विवाद बढ़ गया। गाली-गलौच और धक्का-मुक्की के बाद श्रीराम साहू ने घर से मछली काटने का फरसा लाकर अपनी मां रंजु साहू के साथ मिलकर कार्तिकराम पर हमला कर दिया। रंजु साहू ने हाथ पकड़कर रखा और श्रीराम ने फरसा से सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई।

घटना में प्रयुक्त फरसा जब्त, दोनों आरोपी गिरफ्तार

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में तत्काल टीम गठित की गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्रीराम साहू (20 वर्ष) और उसकी मां श्रीमती रंजु साहू (40 वर्ष) निवासी मरारपारा बालोद को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फरसा भी बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को 18 फरवरी 2026 की रात विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, उपनिरीक्षक कमला यादव, सहायक उपनिरीक्षक सूजर साहू, प्रधान आरक्षक दुर्योधन यादव, हरिश्चंद्र सिन्हा, आरक्षक मनीष राजपूत, महिला आरक्षक लक्ष्मी पटेल का विशेष योगदान रहा।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page