बालोद, 07 जुलाई 2026। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) निधि अंतर्गत वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी निर्माण कार्यों को शत-प्रतिशत गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड निरीक्षण कर कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने और प्रगति की जानकारी निर्माण पोर्टल पर फोटो सहित अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने विकासखण्डवार प्रगतिरत एवं पूर्ण कार्यों की समीक्षा की। डौण्डीलोहारा में हाईमास्ट लाइट स्थापना, आदिवासी छात्रावासों में ओपन जिम निर्माण, बालोद विकासखण्ड के बरही में पुलिया निर्माण, पर्रेगुड़ा में मुक्तिधाम निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, जवाहर नवोदय विद्यालय दुधली में प्रतीक्षालय निर्माण, ग्राम सिवनी स्थित वृद्धाश्रम में आहता निर्माण, गुरूर विकासखण्ड के हितेकसा में महिला स्व-सहायता समूह द्वारा सेनेटरी पैड निर्माण तथा बैहाकुंआ में गली कांक्रीटीकरण सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, शिक्षा विभाग तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











