DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

मनकी में जलभराव से राशन दुकान डूबी, 90 कट्टा चावल खराब होने की आशंका, ग्रामीणों में आक्रोश

डौंडीलोहारा। विकासखंड डौंडीलोहारा के ग्राम पंचायत मनकी में लगातार हुई बारिश के बाद जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से शासकीय उचित मूल्य की दुकान में पानी भर गया। इससे दुकान में रखा चावल, शक्कर, नमक सहित अन्य राशन सामग्री पानी में डूब गई, जिससे सरकारी खाद्यान्न के खराब होने की आशंका बढ़ गई है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव के मुख्य खेल मैदान में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पूरा पानी राशन दुकान में घुस गया। उनका कहना है कि ग्राम पंचायत में नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष बारिश के दौरान ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन इस बार नुकसान अधिक हुआ है।

जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 90 कट्टा चावल खराब होने की स्थिति में पहुंच चुका है। शेष राशन सामग्री को ग्रामीणों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है, ताकि उसे बचाया जा सके।

घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जलनिकासी की व्यवस्था की गई होती तो सरकारी राशन को नुकसान से बचाया जा सकता था।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं खाद्य विभाग से मांग की है कि तत्काल जलभराव की निकासी कराई जाए, खराब हुए राशन का सर्वे कर नया राशन उपलब्ध कराया जाए तथा भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए पक्की नाली एवं स्थायी जलनिकासी व्यवस्था बनाई जाए।

फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

You cannot copy content of this page