बालोद, 6 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ, जिला बालोद द्वारा जिले के सभी 17 मंडलों में मंडल संयोजकों एवं सह-संयोजकों की घोषणा की गई है। यह घोषणा प्रदेश नेतृत्व की सहमति एवं जिला संगठन की अनुशंसा के बाद जिला व्यापार प्रकोष्ठ संयोजक गोविंद वाधवानी द्वारा की गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नियुक्तियाँ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सुभाष अग्रवाल के अनुमोदन तथा जिला अध्यक्ष देशमुख की अनुशंसा के उपरांत की गई हैं।
भाजपा के अनुसार, इन नियुक्तियों का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, व्यापारिक वर्ग से व्यापक जनसंपर्क स्थापित करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं व्यापारी हितैषी योजनाओं को प्रत्येक व्यापारी तक पहुँचाना है।
नव नियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई गई है कि वे संगठन की रीति-नीति, सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करते हुए व्यापारी समाज एवं आमजन के बीच पार्टी की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुँचाने में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने सभी नव नियुक्त मंडल संयोजकों एवं सह-संयोजकों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
भाजपा जिला बालोद ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी नव नियुक्त पदाधिकारी संगठन के मूल मंत्र “सेवा, संगठन और समर्पण” को आत्मसात करते हुए संगठन विस्तार, व्यापारी हितों के संरक्षण और जनसेवा के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।












