DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

चीचा नाले पर बड़े पुल की मांग तेज, बारिश में डूबने से कई दिनों तक ठप रहता है आवागमन

संजय साहू,अंडा/बालोद। अर्जुन्दा से अंडा मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम चीचा के आश्रित गोरकापार नाले पर बारिश के दौरान पानी उफान पर आने से आवागमन कई दिनों तक बाधित हो जाता है। इस समस्या से क्षेत्र के ग्रामीणों, राहगीरों और विशेष रूप से स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से यहां शीघ्र बड़ा पुल निर्माण कराने की मांग की है।

ग्राम पंचायत चीचा के सरपंच काशी राम साहू ने बताया कि नाले पर पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार शासन-प्रशासन, विभिन्न विभागों तथा सुशासन तिहार में आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह अर्जुन्दा से अंडा को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है और हर वर्ष बारिश में नाला डूबने से चार-पांच दिनों तक आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है।

सरपंच ने बताया कि इस दौरान सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को होती है, जो स्कूल आने-जाने में असमर्थ हो जाते हैं। ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है और हाल ही में उग्र आंदोलन की भी तैयारी की जा रही थी, जिसे समझाइश देकर फिलहाल शांत कराया गया।

वहीं ग्राम पंचायत ओडारसकरी के सरपंच अनिल कुमार सोनी ने भी प्रशासन से इस नाले पर शीघ्र बड़ा पुल बनाने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता वर्षों से इस समस्या का सामना कर रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो बरसात के मौसम में लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती रहेंगी।

ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से जनहित को देखते हुए इस मार्ग पर स्थायी समाधान के रूप में बड़े पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग की है।

You cannot copy content of this page