सरस्वती साइकिल योजना के तहत वितरित हुई साइकिलें, शिक्षा के प्रति बढ़ेगा आत्मविश्वास और उत्साह
गुरुर, सूर्यकांत साहू। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धानापुरी में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी निःशुल्क सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 24 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। नई साइकिल मिलने पर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सरपंच खोमन लाल सिन्हा उपस्थित रहे। उनके साथ हितेकसा के पंच परमानंद गुरु तथा पालक शंकर मंडावी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि खोमन लाल सिन्हा ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा और सपनों को साकार करने का माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ पढ़ाई कर जीवन में सफलता प्राप्त करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य कमलेश कुमार साहू ने कहा कि शासन की इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण अंचल की बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा विद्यालय तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शासन की इस जनकल्याणकारी योजना को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एम.एल. टंडन, एस.आर. राठे, राहुल मंडावी, पूरन साहू, प्रमोद कुमार सिन्हा, खिलेश कुमार चंद्राकर, पूनम बैस, निलेश्वरी नेताम, सरोजिनी साहू, दामिनी, मानस मनी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी और पालक उपस्थित रहे।











