कक्षा 10वीं में प्रकाश कुमार और 12वीं में योगिता सिन्हा ने किया प्रथम स्थान हासिल, शिक्षा के प्रति बच्चों का मनोबल बढ़ाने की पहल
सूर्यकांत साहू,गुरुर। सैनिक ग्राम धानापुरी में स्कूली छात्र-छात्राओं में शिक्षा एवं खेलकूद के प्रति प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने और उन्हें प्रोत्साहित करने की पहल की जा रही है। ग्राम पंचायत धानापुरी के सरपंच खोमन लाल सिन्हा एवं उनके दोनों पुत्र सेमेश सिन्हा एवं मानेश सिन्हा (एमएस म्यूजिक) ने वर्ष 2025-26 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धानापुरी के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नगद राशि एवं स्मृति चिन्ह से सम्मानित करने की घोषणा की थी।

इसी पहल के तहत स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरपंच खोमन लाल सिन्हा ने विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रकाश कुमार ने 90.4 प्रतिशत अंक हासिल किए, जिन्हें 11 हजार रुपये नगद एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं कक्षा 12वीं में 93.4 प्रतिशत अंक के साथ प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा योगिता सिन्हा को 15 हजार रुपये नगद एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
सरपंच खोमन लाल सिन्हा ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए जिला एवं प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी विशेष सम्मान राशि देने की घोषणा की थी। सम्मान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया और सरपंच की पहल की सराहना की।
सम्मान से बढ़ता है बच्चों का मनोबल
ग्रामीणों ने सरपंच द्वारा शिक्षा के प्रति विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल को सराहनीय बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह विद्यार्थियों को सम्मान एवं प्रोत्साहन मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।
इस अवसर पर सरपंच खोमन लाल सिन्हा ने कहा कि उनके दोनों पुत्रों का शिक्षा एवं खेलकूद के प्रति विशेष लगाव है। इसी प्रेरणा से शासकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनका मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से सम्मान की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि बच्चे आगे बढ़कर अपने गांव, जिले और प्रदेश का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में गांव के वरिष्ठ नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।











