DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

एनएच-930 चौड़ीकरण के विरोध में झलमला के ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन

पक्के मकानों और दुकानों के प्रभावित होने की जताई चिंता, अलाइनमेंट बदलने या बाईपास निर्माण की मांग; समाधान नहीं होने पर चक्काजाम की चेतावनी

झलमला/बालोद। राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-930 धमतरी मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर झलमला कस्बे में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। सड़क चौड़ीकरण की मौजूदा योजना से कस्बे के कई पक्के मकानों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के प्रभावित होने की आशंका जताते हुए ग्रामीणों ने जनहित में सड़क के अलाइनमेंट में बदलाव की मांग की है।

इसी मांग को लेकर झलमला के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री श्री अरुण साव तथा कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री भोजराज नाग को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि वर्तमान नक्शे के अनुसार एनएच-930 का चौड़ीकरण किया गया तो घनी आबादी वाले क्षेत्र में कई परिवारों के मकान और दुकानों के प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है, जिससे लोगों के आवास के साथ-साथ व्यापार एवं रोजगार पर भी संकट आएगा।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में मांग की कि सड़क निर्माण के दौरान डिवाइडर के बीचों-बीच से नाप कर दोनों ओर समान रूप से चौड़ीकरण किया जाए, ताकि किसी एक तरफ की आबादी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अधिक प्रभाव न पड़े। इसके अलावा झलमला के घनी आबादी वाले मुख्य हिस्से को बचाने के लिए सड़क का अलाइनमेंट बदलने अथवा कस्बे से बाहर वैकल्पिक बाईपास मार्ग का निर्माण कराने का सुझाव भी दिया गया।

ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से सड़क चौड़ीकरण से संबंधित सर्वे एवं प्रस्ताव का पुनरीक्षण कराने की मांग की। उनका कहना है कि क्षेत्र में विकास कार्य भी जरूरी है, लेकिन इसके साथ स्थानीय लोगों के आवास, व्यवसाय और आजीविका के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर उचित समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री और सांसद ने दिया उचित समाधान का आश्वासन

ज्ञापन प्राप्त करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं सांसद भोजराज नाग ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। दोनों जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे इस मामले में संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं एनएचएआई के अधिकारियों से चर्चा कर जनहित में उचित एवं व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान झलमला पंचायत के जनप्रतिनिधि थान सिंह ठाकुर, भाजपा नेता पालक ठाकुर, आदित्य दुबे, रामप्रसाद साहू, कोमल साहू, आशीष साहू, प्यारे लाल कौशिक, नूतन तिवारी, राम गुलाल साहू, रमेश साहू, खिलावन साहू, मनीष साहू, महेश्वर आदिल सहित स्थानीय व्यापारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page