सीसी रोड, सीसी कोट टॉप और नाली निर्माण सहित विभिन्न कार्य होंगे; वार्डवासियों को मिलेगी बेहतर सड़क व जल निकासी की सुविधा
बालोद, 19 अगस्त 2026। नगर पालिका परिषद बालोद के वार्ड क्रमांक 5 पांडेपारा में लंबे समय से अपेक्षित विभिन्न विकास कार्यों को अब गति मिलने जा रही है। बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी, उपाध्यक्ष श्री कमलेश सोनी, वार्ड पार्षद श्रीमती कांति तरुण साहू एवं नगर पालिका के पार्षदगणों की उपस्थिति में विभिन्न निर्माण कार्यों का विधि-विधान से भूमिपूजन किया गया।
भूमिपूजन कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद धरती माता की धूप-दीप एवं गुलाब अर्पित कर प्रस्तावित निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस दौरान वार्डवासियों एवं नागरिकों ने क्षेत्र में विकास कार्य शुरू होने पर खुशी जताई।
पार्षद के प्रयासों से स्वीकृत हुए विकास कार्य

भूमिपूजन के बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा संतोष चौधरी ने वार्डवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि वार्ड पार्षद श्रीमती कांति साहू के अथक प्रयासों से वार्ड की आवश्यकताओं को देखते हुए विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य वार्डवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद बालोद क्षेत्र के सभी वार्डों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नागरिकों की आवश्यकता एवं वार्ड की प्राथमिकताओं के आधार पर सड़क, नाली सहित अन्य जरूरी विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने वार्डवासियों को भरोसा दिलाया कि वर्तमान कार्यों के साथ भविष्य में आवश्यकता के अनुसार अन्य विकास कार्य भी कराए जाएंगे।
इन स्थानों पर होंगे निर्माण कार्य
वार्ड पार्षद श्रीमती कांति साहू ने प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि वार्ड में सड़क एवं नाली से संबंधित महत्वपूर्ण निर्माण कार्य किए जाएंगे। इनमें प्रमोद यादव के घर से पटेल घर तक सीसी कोट टॉप निर्माण, श्री राम लहरे के घर से रमेश टंडन के घर तक सीसी कोट टॉप निर्माण, जग्गू यादव के घर से सुधीर यादव के घर तक सीसी रोड निर्माण तथा ठाकुर घर से माला घर तक सीसी नाली निर्माण शामिल हैं।
इन कार्यों के पूर्ण होने के बाद वार्ड की सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। सीसी रोड बनने से आवागमन सुगम होगा, वहीं नाली निर्माण से बारिश के दौरान जल निकासी की समस्या से भी राहत मिलने की संभावना है।
वार्डवासियों ने जताई खुशी
वार्ड क्रमांक 5 में सड़क एवं नाली निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अब भूमिपूजन के बाद निर्माण कार्यों की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उपस्थित नागरिकों ने नगर पालिका अध्यक्ष, वार्ड पार्षद एवं नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्ड की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों की स्वीकृति और शुरुआत सराहनीय पहल है।
जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही उपस्थिति
भूमिपूजन कार्यक्रम में भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष श्री अमित चोपड़ा, भाजपा मंडल महामंत्री श्री नरेंद्र सोनवानी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष श्री महेश पाठक, पार्षद श्री गिरजेश गुप्ता, एल्डरमैन श्री शेखर वर्मा, श्री प्रीतम यादव, श्रीमती पुष्पा साहू, श्रीमती सुनीता मनहर, श्रीमती श्यामा यादव, श्रीमती आशा पटेल सहित अमित दुबे, शेखर साहू, रामप्रसाद यादव, भगत यादव, घनश्याम साहू, अर्जुन साहू, ईश्वर साहू, श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, परमिला साहू, सरस्वती साहू, कल्याणी यादव, रूपा साहू, ममता साहू, निर्मला साहू, मेनका सोनकर, रूपेश साहू, वीणा साहू सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर वार्ड पार्षद श्रीमती कांति साहू ने भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल सभी जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं वार्डवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। विकास कार्यों के भूमिपूजन के साथ ही वार्ड क्रमांक 5 में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम आगे बढ़ा है।













