DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

36वीं वर्ष कांवड़ यात्रा में गंगाजल लेकर शिवधाम चौरेल के लिए रवाना हुए शिवभक्त

गंगा मैया मंदिर झलमला से भगवा एवं पीतांबरी ध्वज दिखाकर कांवड़ यात्रा को किया गया रवाना, बोल बम के जयघोष से गूंजा क्षेत्र

बालोद। “ॐ नमः शिवाय”, “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से सोमवार को गंगा मैया मंदिर झलमला परिसर शिवभक्ति से सराबोर हो उठा। सावन के तीसरे सोमवार के पावन अवसर पर लाटाबोड़ के शिवभक्त कांवड़ियों ने अपनी 36वीं वर्ष कांवड़ यात्रा का शुभारंभ किया। कांवड़ यात्री गंगा मैया मंदिर झलमला से पवित्र गंगाजल लेकर शिवधाम चौरेल के लिए रवाना हुए।

कांवड़ यात्री सुबह करीब 6 बजे गंगा मैया मंदिर पहुंचे, जहां विधिवत गंगा मैया एवं भगवान शिव की आरती कर पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात गाजे-बाजे और “बोल बम-बोल बम, हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच भगवान शिव का रथ लेकर कांवड़ यात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे श्रद्धापूर्वक शामिल हुए।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव एवं बालोद तहसील साहू समाज के सचिव जयंत साहू ने कांवड़ यात्रियों को भगवा एवं पीतांबरी ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया तथा सभी शिवभक्तों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान राकेश यादव ने कहा कि बोल बम यात्रियों को विदा करना सभी के लिए सौभाग्य और पुण्य का अवसर है। यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आत्मा से परमात्मा और भक्त से भगवान तक पहुंचने की आध्यात्मिक यात्रा है। कांवड़ में केवल गंगाजल नहीं, बल्कि शिवभक्तों की श्रद्धा, आस्था और बाबा भोलेनाथ के प्रति अटूट विश्वास समाहित है।

उन्होंने कहा कि पवित्र गंगाजल लेकर शिवधाम की ओर बढ़ रहे प्रत्येक कांवड़िये पर भगवान भोलेनाथ की कृपा बनी रहे। मां गंगा की निर्मलता उनके जीवन में पवित्रता और महादेव की भक्ति उनके हृदय में सदैव बनी रहे। उन्होंने भगवान शिव से सभी कांवड़ यात्रियों की यात्रा निर्विघ्न एवं मंगलमय होने तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना की।

राकेश यादव ने कहा कि “शिव ही सत्य हैं, शिव ही सुंदर हैं, शिव ही शक्ति हैं और शिव ही कल्याण हैं।” उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने जिस प्रकार संसार की रक्षा के लिए विष को अपने कंठ में धारण किया, उसी प्रकार महादेव समाज से द्वेष, अहंकार और नकारात्मकता का विष दूर करें। हर घर में सुख-शांति, हर परिवार में प्रेम और हर हृदय में शिवभक्ति का दीप प्रज्वलित हो।

उन्होंने कांवड़ यात्रियों से यात्रा के दौरान भक्ति के साथ अनुशासन, श्रद्धा के साथ सेवा और उत्साह के साथ सावधानी को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी एक-दूसरे की सहायता करते हुए अनुशासित ढंग से यात्रा करें और अपने आचरण से भगवान शिव की भक्ति एवं सनातन संस्कृति का सुंदर संदेश समाज तक पहुंचाएं।

कांवड़ यात्रा में पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कांवड़ यात्रा के दौरान जिले में “ग्रीन कमांडो” के नाम से प्रसिद्ध वीरेंद्र साहू भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते नजर आए। उन्होंने यात्रा के माध्यम से वृक्षारोपण एवं जल संरक्षण का संदेश देते हुए धार्मिक आस्था को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास किया।

कांवड़ यात्रा में प्रमुख रूप से पूर्व जनपद सदस्य हरिश्चंद्र साहू, चैनसिंह यादव, अर्जुन साहू, राकेश साहू, शेखर यादव, मनीष साहू, चंदू यादव, विकास साहू, गोपेश्वर साहू, चुमन साहू, हेमंत एवं अतुल दास सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल रहे। पूरे यात्रा मार्ग में “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से वातावरण शिवमय बना रहा।

You cannot copy content of this page