नन्हे-मुन्ने बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा में दी मनमोहक प्रस्तुतियां, देशभक्ति के रंग में रंगा विद्यालय परिसर
डौंडी। सरस्वती शिशु मंदिर डौंडी में देशभक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ भारत का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरस्वती शिक्षा समिति के संरक्षक एवं नगर के प्रतिष्ठित नागरिक श्री प्रेम शुक्ला ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने शहीद भगत सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, रानी लक्ष्मीबाई, छत्तीसगढ़ महतारी एवं भारत माता सहित अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों की वेशभूषा धारण कर उनके व्यक्तित्व, संघर्ष एवं राष्ट्रप्रेम को जीवंत कर दिया। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, अतिथियों एवं नागरिकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं देश के महापुरुषों के योगदान को याद किया गया। विद्यार्थियों को राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति तथा अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। विद्यालय परिसर में “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्यगण, विद्यार्थी, अभिभावक, समिति के पदाधिकारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं समृद्धि की कामना के साथ किया गया।










