बेमेतरा में कलेक्ट्रेट का घेराव कर स्वास्थ्य मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, जांच पूरी होने तक सीएमएचओ को अन्यत्र पदस्थ करने की मांग
बेमेतरा/बालोद। जिले में महिला सीएचओ कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न की शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा मंगलवार को बेमेतरा जिला मुख्यालय में एक दिवसीय प्रदर्शन किया गया। प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में बालोद जिले से भी एनएचएम कर्मचारी शामिल हुए और महिला कर्मचारियों के सम्मान एवं निष्पक्ष जांच की मांग को समर्थन दिया।
प्रदर्शन के दौरान संघ के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर, बेमेतरा के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महिला सीएचओ कर्मचारियों द्वारा की गई शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जांच पूरी होने तक सीएमएचओ बेमेतरा को अन्यत्र पदस्थ करने की मांग भी रखी गई।
संघ का कहना है कि कार्यस्थल पर प्रत्येक कर्मचारी के साथ सम्मानजनक व्यवहार, महिला कर्मचारियों की सुरक्षा एवं गरिमा तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। महिला कर्मचारियों के सम्मान एवं अधिकारों से जुड़े इस मामले में संघ ने लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाई।
बालोद से भी कर्मचारियों ने दर्ज कराई सहभागिता
प्रदेशव्यापी प्रदर्शन के आह्वान पर बालोद जिले से एनएचएम कर्मचारियों ने बेमेतरा पहुंचकर आंदोलन में सहभागिता की। कर्मचारियों ने कहा कि महिला कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और कार्यस्थल पर गरिमापूर्ण वातावरण से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई जरूरी है। बालोद से पहुंचे कर्मचारियों ने संघ की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन को अपना सहयोग दिया।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार मिरी ने कहा कि शासकीय कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों का सम्मान और गरिमा सर्वोपरि है। बेमेतरा में महिला सीएचओ कर्मचारियों द्वारा की गई शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच कर तथ्यों के आधार पर विधि एवं नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। संघ किसी भी अधिकारी-कर्मचारी के साथ अन्याय एवं कार्यस्थल पर दुर्व्यवहार के विरुद्ध शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
संघ ने रखीं प्रमुख मांगें
एनएचएम कर्मचारी संघ ने महिला सीएचओ कर्मचारियों की शिकायत की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच, जांच प्रक्रिया में पूर्ण प्रशासनिक निष्पक्षता, जांच पूरी होने तक सीएमएचओ बेमेतरा को अन्यत्र पदस्थ करने तथा दोष सिद्ध होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही कार्यस्थल पर महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा तथा एनएचएम कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक एवं निष्पक्ष व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग भी की गई।
“महिला कर्मचारियों के सम्मान में — एनएचएम संघ मैदान में।”
“निष्पक्ष जांच — हमारा अधिकार, महिला सम्मान — हमारी प्राथमिकता।”








