इंटरनेट, सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी बरतने की दी समझाइश, साइबर ठगी होने पर 1930 पर तत्काल शिकायत की अपील
बालोद, 18 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के तहत बालोद जिले में विभिन्न स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर अपराधों से बचाव तथा इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। अभियान के तहत कुल 1,025 छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इसी क्रम में साइबर सेल बालोद द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, दुधली में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके अलावा थाना राजहरा अंतर्गत स्वामी आत्मानंद स्कूल, थाना गुंडरदेही अंतर्गत शहीद कौशल यादव विद्यालय, थाना अर्जुंदा अंतर्गत प्रियदर्शनी विद्यालय, थाना देवरी अंतर्गत जेवरतला हाई स्कूल तथा चौकी हल्दी अंतर्गत हाईस्कूल भाटापारा में भी साइबर जागृति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक एवं मैसेज, सोशल मीडिया से संबंधित धोखाधड़ी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें समझाइश दी गई कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें।
विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से बचने, सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित रखने तथा इंटरनेट का उपयोग सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध अथवा ऑनलाइन वित्तीय ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके साथ ही संबंधित पुलिस थाना को तत्काल सूचना देने की अपील की गई।
सेल्फी के जरिए भी दिया जागरूकता का संदेश
अभियान के दौरान शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को साइबर जागरूकता अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षकों ने QR कोड स्कैन कर जागरूकता सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार का संदेश पहुंचाया जा सके।
जिला पुलिस की अपील
जिला बालोद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इंटरनेट, सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन बैंकिंग का उपयोग सदैव सावधानी एवं जिम्मेदारी के साथ करें। अपनी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें, संदिग्ध लिंक एवं संदेशों से बचें और साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।











