बालोद। ग्राम रेवती नवागांव में लंबे समय से चली आ रही विद्युत समस्या के समाधान की दिशा में पहल शुरू हो गई है। ग्रामीणों ने पूर्व विधायक श्री भैयाराम सिन्हा की उपस्थिति में बिजली कार्यालय पहुंचकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवेदन सौंपा और गांव की बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगा 62 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर पर्याप्त क्षमता का नहीं होने के कारण आए दिन बिजली संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कार्यपालन अभियंता श्री कौशेन्द्र पांडेय ने आश्वासन दिया है कि 62 केवी के स्थान पर 100 केवी क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा।
विद्युत कंपनी की टीम ने गांव पहुंचकर स्थल का निरीक्षण भी किया है। हालांकि बुधवार को नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। विभागीय अधिकारियों ने गुरुवार को 100 केवी का ट्रांसफार्मर लगाए जाने का आश्वासन दिया है। नए ट्रांसफार्मर के लगने से गांव में लो-वोल्टेज एवं बिजली से जुड़ी अन्य समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।

पूर्व विधायक श्री भैयाराम सिन्हा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्या का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधा के लिए परेशान न होना पड़े, इसके लिए विभाग को समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री चंद्रेश हिरवानी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिन्हा, विधायक प्रतिनिधि श्री कमलेश श्रीवास्तव, महामंत्री श्री रोहित सागर, युवा शहर अध्यक्ष श्री साजन पटेल, श्री ओंकार महामला, सरपंच श्रीमती देवकी ठाकुर, उपसरपंच श्री इंद्रजीत नागवंशी सहित लगभग 200 ग्रामीणजन उपस्थित रहे।











