DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

रेंगाडबरी में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला आयोजित, 523 लोगों ने लिया स्वास्थ्य परामर्श

आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध, 124 लोगों की ब्लड शुगर सहित विभिन्न जांचें की गईं

डौंडीलोहारा/बालोद, 19 अगस्त 2026। संचालनालय आयुष छत्तीसगढ़ रायपुर एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी बालोद के निर्देशानुसार आयुष विभाग की विकासखंड स्तरीय निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला योजना के अंतर्गत आमजन को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम रेंगाडबरी, विकासखंड डौंडीलोहारा के कला मंच में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला एवं स्वास्थ्य जनजागरूकता शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती कांति प्रकाश सोनबरसा (जनपद अध्यक्ष), श्री राजाराम ताराम (जिला पंचायत सदस्य), श्रीमती मानकी बाई पड़ोती (जनपद सदस्य), श्री रुपेश सिन्हा (पूर्व मंडल अध्यक्ष) तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती भावना जयेश जैन (सरपंच, ग्राम पंचायत रेंगाडबरी) ने की। इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. निकिता ध्रुव सहित अन्य विशेष अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के पूजन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्ष श्रीमती भावना जयेश जैन ने रेंगाडबरी में स्वास्थ्य मेला आयोजित करने के लिए आयुष विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि श्रीमती कांति प्रकाश सोनबरसा ने चिकित्सकों को भगवान का रूप बताते हुए लोगों से आयुर्वेद एवं योग को अपनी जीवनशैली में अपनाने की अपील की।

शिविर में श्री जयेश जैन (जिला व्यापारी संयोजक, बालोद), श्री संतोष गुप्ता (व्यापारी संयोजक मंडल रेंगाडबरी) सहित गांव के सभी पंच, ग्राम प्रमुख एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

523 लोगों ने लिया आयुष एवं नेत्र चिकित्सा का लाभ

कैंप प्रभारी डॉ. अरुण छाजेड़ ने बताया कि स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. उदयभानू साहू, डॉ. गोपेश ठाकुर, डॉ. रवि मेश्राम, डॉ. दामिनी सोना, डॉ. रश्मि खोब्रागड़े एवं डॉ. वैशाली देवांगन, होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. सोहम शरवानी, नेत्र रोग सहायक पुष्पेंद्र कुमार साहू तथा पैथोलॉजी सहायक देवेंद्र कुमार ने सेवाएं दीं।

स्वास्थ्य मेले में कुल 405 रोगियों ने आयुर्वेद, 62 रोगियों ने होम्योपैथी तथा 56 रोगियों ने नेत्र विशेषज्ञ से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर परामर्श लिया। इस तरह कुल 523 लोगों ने स्वास्थ्य परामर्श का लाभ उठाया।

शिविर में 124 रोगियों की ब्लड शुगर, 60 रोगियों की हीमोग्लोबिन तथा 20 रोगियों की सिकलिंग जांच की गई। इसके अलावा लोगों को स्वास्थ्यवर्धक काढ़े का वितरण भी किया गया।

आयुर्वेदिक दिनचर्या और राष्ट्रीय आयुष कार्यक्रमों की दी जानकारी

शिविर के दौरान आमजन को आयुर्वेदिक दिनचर्या, ऋतुचर्या, शारीरिक प्रकृति, सुवर्णप्राशन एवं नेशनल आयुष कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी देकर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आयुष पद्धतियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

स्वास्थ्य मेले में आयुर्वेद फार्मेसिस्ट कैलाश राम साहू, गितेश साहू, कमलेश साहू, महेंद्र कुमार साहू, परमेश्वर साहू एवं सरस्वती सोनकर तथा औषधालय सेवक गजेंद्र साहू, लक्ष्मी नारायण मानकर एवं राकेश यादव ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

You cannot copy content of this page