13 थाना-चौकी क्षेत्रों में कार्यक्रम, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक और सोशल मीडिया सुरक्षा के बताए उपाय
बालोद, 19 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” के तहत बालोद जिले में विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्रकांत गवर्ना के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 2,366 छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों को साइबर अपराध, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, इंटरनेट एवं सोशल मीडिया सुरक्षा तथा ऑनलाइन लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत थाना कोतवाली एवं साइबर सेल बालोद द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेवारीकला, साइबर सेल बालोद द्वारा स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी हिन्दी माध्यम स्कूल खलारी, थाना डौंडी द्वारा स्वामी आत्मानंद स्कूल डौंडी, थाना डौंडी लोहारा द्वारा हाई स्कूल संबलपुर, पुलिस चौकी हल्दी द्वारा सिकोसा इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा थाना सुरेगांव द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानीतराई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इसी तरह थाना मंगचुवा द्वारा थाना परिसर में उपस्थित ग्रामीणजनों, थाना सनौद द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भिरई, थाना गुंडरदेही द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कचांदूर, थाना राजहरा द्वारा स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी हिन्दी माध्यम स्कूल, थाना रनचिरई द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कलंगपुर, थाना गुरुर द्वारा बालक स्कूल कोलियामार तथा थाना पुरूर द्वारा स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल पुरूर में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों एवं नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं मैसेज, संदिग्ध लिंक, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित धोखाधड़ी तथा अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। पुलिस ने समझाइश दी कि OTP, PIN, CVV, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचने तथा सोशल मीडिया अकाउंट को सुरक्षित रखने की जानकारी दी गई। वहीं ग्रामीण नागरिकों को ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया गया।
जागरूक बनें, 5 से 10 लोगों को करें जागरूक
बालोद पुलिस ने आमजन से अपील की कि साइबर अपराधों के प्रति स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ कम से कम 5 से 10 अन्य लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। “साइबर जागृति अभियान” के संदेश एवं साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक साझा कर जागरूकता की श्रृंखला को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराध अथवा ऑनलाइन वित्तीय ठगी होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके साथ ही संबंधित पुलिस थाना को भी तत्काल सूचना देने की समझाइश दी गई।
जिला पुलिस की अपील
जिला बालोद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सदैव सतर्क एवं सावधान रहें। किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक एवं मैसेज से बचें तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना विलंब 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।












