मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बैठक, कलेक्टर-एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने की वर्चुअल सहभागिता
बालोद, 18 अगस्त 2026। मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन विभाग के सचिव श्री एस. प्रकाश, प्रदेश के सभी संभाग आयुक्त, आईजी, कलेक्टर, एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने वर्चुअल सहभागिता की। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावी एवं पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बालोद जिले से कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा तथा एडिशनल एसपी श्री चंद्रकांत गवर्ना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष से बैठक में वर्चुअल सहभागिता की।
सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा
बैठक में मुख्य सचिव श्री विकासशील ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा फलोदी एवं रंगारेड्डी दुर्घटनाओं के संबंध में एनएचएआई एवं हाईवे पर हुए अतिक्रमण हटाने से संबंधित पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने सड़कों पर गड्ढों एवं ओपन वाटर बॉडीज में बैरिकेडिंग, प्रधानमंत्री राहत एवं राहवीर योजना के क्रियान्वयन, जेडएफडी (जीरो फैटलिटी डिस्ट्रिक्ट) प्रोग्राम, डीडीएचआई के क्रियान्वयन तथा शेष ब्लैक स्पॉट के सुधार की स्थिति की समीक्षा की।
बैठक में सड़क सुरक्षा परिदृश्य के अंतर्गत सड़क दुर्घटनाओं, मृत्यु एवं घायलों के आंकड़ों, सड़कों से आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई, स्टेट रोड सेफ्टी फंड के प्रस्ताव तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर की जा रही प्रवर्तन कार्रवाई की जानकारी ली गई।
स्कूलों में सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर
मुख्य सचिव ने आवश्यकतानुसार स्कूलों में रोड सेफ्टी क्लब के गठन, स्कूली बसों का नियमित निरीक्षण तथा स्कूलों के आसपास सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों एवं संबंधित अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए समन्वित रूप से प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।











