DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

कृषक उन्नति योजना से बदली बोड़ेना के किसान दिलीप की तकदीर

3100 रुपये प्रति क्विंटल में धान बेचकर खरीदा पैडी ट्रांसप्लांटर, अब सैकड़ों एकड़ में करा रहे मशीनीकृत रोपाई

बालोद, 18 अगस्त 2026। राज्य शासन की किसान हितैषी कृषक उन्नति योजना ग्रामीण अंचल के किसानों के जीवन में बदलाव ला रही है। जिले के ग्राम बोड़ेना निवासी प्रगतिशील किसान श्री दिलीप कुमार साहू ने योजना से प्राप्त लाभ का बेहतर उपयोग कर पारंपरिक खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

किसान दिलीप कुमार ने राज्य शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का विक्रय किया था। योजना से प्राप्त आय का उपयोग उन्होंने खेती को आधुनिक बनाने में किया। खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने पैडी ट्रांसप्लांटर (धान रोपाई मशीन) खरीदी और अपने 28 एकड़ खेत में मशीनीकृत तरीके से धान की रोपाई कराई।

मशीन से रोपाई करने से समय एवं मानव श्रम की बचत हुई और कम लागत में बड़े रकबे में रोपाई का कार्य पूरा हो सका। मशीन के माध्यम से पौधों के बीच निश्चित एवं समान दूरी रहने से फसल के बेहतर विकास और अधिक उत्पादन में भी मदद मिली। दिलीप कुमार की खेती में आधुनिक तकनीक के सफल प्रयोग को देखकर आसपास के किसानों ने भी अपने खेतों में मशीन से रोपाई कराना शुरू किया।

अब दो पैडी ट्रांसप्लांटर से सैकड़ों एकड़ में करा रहे रोपाई

बढ़ती मांग और इससे होने वाले लाभ को देखते हुए किसान दिलीप कुमार ने अब दो पैडी ट्रांसप्लांटर मशीनें जुटा ली हैं। वे अपने गांव के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के किसानों के सैकड़ों एकड़ खेतों में समय पर मशीनीकृत रोपाई का कार्य करा रहे हैं। इससे क्षेत्र के अन्य किसानों को भी आधुनिक कृषि तकनीक का सीधा लाभ मिल रहा है और खेती में समय तथा श्रम की बचत हो रही है।

किसान दिलीप कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की कृषक उन्नति योजना ने अन्नदाताओं के परिश्रम को सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि योजना से प्राप्त लाभ का सही उपयोग कर किसान आधुनिक कृषि तकनीक की ओर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने किसानों की आर्थिक समृद्धि और कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने वाली योजना के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।

You cannot copy content of this page