DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नकटी के प्रभावित परिवारों के साथ न्याय करे सरकार, पुनर्वास की स्पष्ट योजना बनाए – भोजराज साहू

गुण्डरदेही, 6 जुलाई 2026। नकटी ग्राम में प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों के घरों और आसपास के क्षेत्रों में कांटेदार तार से फेंसिंग तथा सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी किए जाने की खबर पर जिला कांग्रेस कमेटी बालोद के महामंत्री भोजराज साहू ने चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवार पहले ही अपने घर और जीवनभर की जमा-पूंजी खोने की पीड़ा झेल रहे हैं। ऐसे समय में सुरक्षा के नाम पर कठोर व्यवस्थाएं लागू करना मानवीय दृष्टिकोण से उचित नहीं है और इससे प्रभावित लोगों की मानसिक एवं सामाजिक परेशानियां बढ़ सकती हैं।

भोजराज साहू ने कहा कि किसी भी नागरिक के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था से जुड़े मामलों का समाधान संवेदनशीलता, संवाद और मानवीय दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आवास, आजीविका और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग करती रही है।

उन्होंने राज्य सरकार से प्रभावित परिवारों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने और किसी भी प्रकार के दमनात्मक रवैये से बचने का आग्रह किया। उनके अनुसार, नकटी ग्राम के प्रभावित परिवारों की लड़ाई केवल जमीन या मकान की नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन और न्याय की भी है।

भोजराज साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी जायज मांगों के समर्थन में संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने राज्य सरकार से पुनर्वास की स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करने तथा प्रभावित परिवारों के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

You cannot copy content of this page