
प्लेटफार्म नंबर-2 पर बिखरी गिट्टियों से हो रही थी परेशानी, रेलवे ने सप्ताहभर में हटाईं गिट्टियां
कुसुमकसा। कुसुमकसा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर बिखरी बड़ी-बड़ी गिट्टियों के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। गिट्टियों के चलते यात्रियों के फिसलकर गिरने की आशंका भी बनी हुई थी। यात्रियों की इस समस्या को भुवन सिन्हा ने स्थानीय जनसेवक एवं जागरूक नागरिक संजय बैस के संज्ञान में लाया।
समस्या की जानकारी मिलते ही संजय बैस ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे के उच्च अधिकारियों से चर्चा की और प्लेटफार्म पर यात्रियों को हो रही परेशानी से अवगत कराते हुए शीघ्र निराकरण का आग्रह किया। रेलवे अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और करीब एक सप्ताह के भीतर प्लेटफार्म नंबर-2 पर बिखरी गिट्टियों को हटा दिया गया। इससे यात्रियों को आवागमन में राहत मिली है।

समस्या का समाधान होने के बाद भुवन सिन्हा ने कहा कि उन्होंने यात्रियों को हो रही परेशानी से संजय बैस को अवगत कराया था, जिसके बाद उन्होंने बिना देरी किए रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर समस्या के निराकरण का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं को लेकर संजय बैस की सजगता और तत्परता सराहनीय है।
भुवन सिन्हा ने यात्रियों की समस्या का त्वरित समाधान करने के लिए रेलवे अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए संजय बैस के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया।











