DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बरसात में आमजन को न हो परेशानी, सभी विभाग मुस्तैद रहें: कलेक्टर दिव्या मिश्रा

बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने वर्षा ऋतु के दौरान आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभागों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, जलाशय, कृषि सहित विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि बारिश के मौसम में लोगों को मूलभूत सुविधाएं निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयां, क्लोरीन टैबलेट, चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मितानिनों के पास भी मौसमी एवं जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराने को कहा।

सड़क और पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस

बैठक में कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग को वर्षा के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कर यातायात सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और ग्रामीण क्षेत्रों तक आवागमन किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को सभी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा जल संसाधन विभाग को तांदुला जलाशय सहित जिले के सभी जलाशयों के जलस्तर की प्रतिदिन जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

15 अगस्त तक मत्स्याखेट पर रहेगा प्रतिबंध

मछली पालन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने वर्तमान प्रजनन काल को देखते हुए 15 अगस्त तक तालाबों एवं जलाशयों में सभी प्रकार के मत्स्याखेट पर प्रतिबंध का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

किसानों को समय पर मिले खाद-बीज

खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने कृषि, सहकारिता एवं विपणन विभाग के अधिकारियों को सहकारी समितियों में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि खेती-किसानी प्रभावित न हो।

‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान की बनेगी कार्ययोजना

बैठक में राज्य सरकार के ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित कर पात्र हितग्राहियों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।

सीएम हेल्पलाइन के मामलों का समय पर निराकरण करें

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन, एग्रीस्टेक पोर्टल तथा ईएचआरएमएस पोर्टल से जुड़े लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने, नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा आवेदकों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर समाधान की जानकारी देने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर नूतन कंवर, सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page