DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

शासकीय स्कूल बड़भूम में बिना अनुमति 29 पेड़ काटने का मामला: बीईओ ने सौंपी जांच रिपोर्ट, एफआईआर की अनुशंसा

बालोद, 4 जुलाई 2026। जिले के गुरुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़भूम परिसर में बिना अनुमति 29 पेड़ों की कटाई के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) गुरुर ने जांच पूरी कर थाना प्रभारी गुरुर को संबंधितों के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज करने के लिए पत्र सौंपा है। साथ ही संबंधित कर्मचारी के निलंबन की अनुशंसा भी की गई है।

कलेक्टर के निर्देश के बाद 2 जुलाई 2026 को बीईओ गुरुर ने विद्यालय परिसर का आकस्मिक एवं विस्तृत निरीक्षण किया। जांच में विद्यालय परिसर में पेड़ों की कटाई की पुष्टि हुई। जांच रिपोर्ट के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को शाला विकास समिति की बैठक में पेड़ों की कटाई का प्रस्ताव पारित किया गया था।

रिपोर्ट में बताया गया है कि शाला विकास समिति के अध्यक्ष जीवन लाल उईके एवं सदस्य श्रीमती निर्मला उईके को पेड़ों की कटाई का प्रभारी बनाया गया था। वहीं, माध्यमिक स्तर के प्रधान पाठक एवं शाला विकास समिति के सचिव डोमर सिंह निषाद की देखरेख में यह कार्य कराया गया।

जांच में यह भी सामने आया कि पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग अथवा राजस्व विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी, जिससे यह कार्रवाई नियमों के विरुद्ध पाई गई।

बीईओ गुरुर ने 3 जुलाई 2026 को थाना प्रभारी गुरुर को आधिकारिक पत्र भेजकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है। साथ ही पदीय कर्तव्यों के दुरुपयोग एवं नियमों के उल्लंघन के आरोप में प्रधान पाठक डोमर सिंह निषाद सहित अन्य संलिप्त कर्मचारियों के निलंबन के लिए उच्च अधिकारियों को अनुशंसा भी भेजी गई है।

You cannot copy content of this page